सुशांत सिंह राजपूत अब हमारे बीच नहीं है लेकिन उनके फ़ैंस के दिलों में एक याद बनकर वह हमेशा जिंदा रहेंगे । बॉलीवुड में बिना किसी गॉडफ़ादर के अपनी पहचान बनाने वाले सुशांत सिंह राजपूत का यूं सुसाइड कर लेना उनके फ़ैंस को नागवार गुजर रहा है । इसलिए वह इस मामले में लगातार सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं । वहीं मुंबई पुलिस भी सुशांत के सुसाइड मामले में हर एंगल को खंगाल रही है । सुशांत सिंह राजपूत के सपोर्ट में सोशल मीडिया पर कई तरह की मुहिम चलाई जा रही है । अपने भाई को फ़ैंस से मिल रहे इतने प्यार और सपोर्ट को देख सुशांत की बहन श्वेता सिंह कीर्ति काफ़ी अभीभूत हुई है । इसलिए अब श्वेता ने सुशांत के फ़ैंस को उनके प्यार और सपोर्ट के लिए धन्यवाद अदा किया है ।

सुशांत सिंह राजपूत की बहन ने फ़ैंस को दिया मैसेज
श्वेता ने अपनी फ़ेसबुक पोस्ट में लिखा, “आप सबने जिस तरह का प्यार और सपॉर्ट दिखाया है, उसे देखकर मैं अभिभूत हूं । इस मुश्किल घड़ी में जिस तरह आप सबने हमारे परिवार को ताकत दी है और ख्याल रखा है उसके लिए मेरा शुक्रिया कहना भी कम है । भगवान और उनके न्याय पर भरोसा रखिए... प्रार्थना करते रहें ।”

बता दें कि सुशांत की बहन श्वेता लगातार अपने भाई से जुड़ी यादें अपने सोशल मीडिया पर शेयर कर रही है । बीते शुक्रवार को भी श्वेता ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया जिसमें सुशांत के खुशनुमा पल नजर आए । इस वीडियो को शेयर करते हुए श्वेता ने लिखा, “क्यूटी पाई, सपनों से भरी आंखों के साथ दुनिया में मेरा सबसे अच्छा बेबी ।”
गौरतलब है कि सुशांत के निधन से उनके फ़ैंस बेहद दुखी हैं । लोग अपने चहेते स्टार को अलग-अलग तरह से श्रद्धांजलि दे रहे हैं । हाल ही में सुशांत के होमटाउन बिहार के पूर्णिया में एक सड़क और चौक का नाम अभिनेता के नाम पर रखा गया है । सोशल मीडिया पर इसकी तस्वीरें वायरल हो रही हैं ।
















