बॉलीवुड और टीवी के दिग्गज अभिनेता सतीश शाह का 74 वर्ष की उम्र में निधन हो गया । 25 अक्टूबर दोपहर 2.30 बजे सतीश शाह ने अपनी आखिरी सांस ली । जानकारी के मुताबिक, सतीश शाह किडनी से जुड़ी बीमारी से जूझ रहे थे । बताया जा रहा है कि सतीश शाह का पार्थिव शरीर मुंबई के हिंदुजा अस्पताल में ही रखा गया है और उनका अंतिम संस्कार रविवार को किया जाएगा।

सतीश शाह का निधन
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सतीश शाह लंबे समय से किडनी से जुड़ी परेशानी से जूझ रहे थे और हाल ही में उनका किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था । सतीश शाह के आकस्मिक निधन से फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में मातम पसर गया है । उनके निधन के तुरंत बाद इंडस्ट्री के उनके दोस्त और फैंस शोक जता रहे हैं । देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी एक्टर को लेकर पोस्ट किया है और मनोरंजन जगत की क्षति के बारे में बात की है । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सतीश शाह के निधन पर दुख जताते हुए ट्वीट कर लिखा, “सतीश शाह जी के निधन से अत्यंत दुखी हूं । वो भारतीय मनोरंजन जगत के एक सच्चे दिग्गज के रूप में हमेशा याद किए जाएंगे । उनकी सहज हास्य प्रतिभा और यादगार अभिनय ने अनगिनत लोगों के जीवन में मुस्कान बिखेरीं । उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं ।”
Deeply saddened by the passing of Shri Satish Shah Ji. He will be remembered as a true legend of Indian entertainment. His effortless humour and iconic performances brought laughter into countless lives. Condolences to his family and admirers. Om Shanti.
— Narendra Modi (@narendramodi) October 25, 2025
एक्टर अनुपम खेर ने भी शोक जताते हुए वीडियो पोस्ट किया और बोले, “क्या हो रहा है ये। तीन-चार दिन में इतने अच्छे लोग चले गए। मेरे साथ के लोग थे ये। मैं सतीश शाह को बोलता था- सतीश मेरे शाह, वो बोलता था- जहांपनाह। मैं चश्मा पहन लेता हूं ताकि ये जो आंसू हैं, नहीं दिखेंगे। ये शॉकिंग है। बड़ा ही अच्छा दोस्त था मेरा वो। हंसाता रहता था वो। जनरल नॉलेज कमाल की थी। कोई हक नहीं आपको ऐसे अचानक जाने का।”
साराभाई वर्सेस साराभाई के सतीश शाह के सह-कलाकार राजेश कुमार ने सोशल मीडिया पर उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए एक भावुक नोट शेयर कर लिखा, “ऐसा लग रहा है जैसे उन्होंने अपने पिता को खो दिया हो। उन्होंने सतीश शाह को याद किया और उनके निधन को मनोरंजन और साराभाई परिवार के लिए एक बड़ी क्षति बताया। उन्होंने कहा, 'ऐसा लग रहा है जैसे मैंने अपने पिता को खो दिया है...।”
25 जून 1951 को जन्मे सतीश शाह का जन्म एक गुजराती परिवार में हुआ था। उन्होंने मुंबई में अपनी शिक्षा प्राप्त की और अभिनय की ओर रुझान लिया। उन्होंने थियेटर और बाद में फिल्म-टीवी की दुनिया में प्रवेश किया। सतीश शाह ने अपने करियर में ढेरों फिल्मों में काम किया । लेकिन वह टीवी शो साराभाई वर्सेज साराभाई से घर-घर में फेमस हुए थे। साराभाई वर्सेस साराभाई में इंद्रवदन साराभाई उर्फ इंदु के रोल ने सतीश को बहुत फ़ेमस कर दिया था । आज भी इंस्टाग्राम पर शो से उनके क्लिप खूब वायरल होते हैं ।
सतीश शाह को इंडस्ट्री में कॉमेडी किंग के रूप में जाना जाता था । टीवी के अलावा सतीश शाह ने हम आपके हैं कौन, हम साथ साथ हैं, मैं हूं ना (2004), कल हो ना हो (2003), फना (2006) और ओम शांति ओम (2007) जैसी कई मशहूर फिल्मों में काम किया था । साल 2008 में उन्होंने अर्चना पूरन सिंह के साथ टीवी शो कॉमेडी सर्कस में बतौर जज काम किया था ।
















