यूनिसेफ इंडिया के नेशनल एंबेसडर के रूप में आयुष्मान खुराना ने प्रतिष्ठित फुटबॉलर और यूनिसेफ गुडविल एंबेसडर डेविड बेकहम का भारत आगमन पर गर्मजोशी से स्वागत किया। अपने-अपने क्षेत्रों के ये दोनों वैश्विक सितारे लगातार अपने मंचों का उपयोग सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और दुनिया भर में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए करते आए हैं। उनकी प्रतिबद्धता सीमाओं से परे है और सहानुभूति, जिम्मेदारी और हर बच्चे के बेहतर भविष्य की दृष्टि पर आधारित है।

आयुष्मान खुराना ने किया फुटबॉल लीजेंड का वेलकम
विशाखापट्टनम के एक स्कूल दौरे के दौरान भारत आए बेकहम के बारे में बोलते हुए आयुष्मान ने कहा, “डेविड बेकहम एक ऐसे आइकन हैं जो दुनिया भर के लोगों को प्रभावित करने वाले सामाजिक मुद्दों पर ध्यान खींचने के लिए हमेशा अग्रिम पंक्ति में खड़े रहते हैं। सामाजिक भलाई के प्रति उनका समर्पण और भारत के प्रति उनका स्नेह सचमुच प्रेरणादायक है। उनका हमारे देश आना लोगों को अच्छा काम करने के लिए प्रेरित करता है और वैश्विक ध्यान हमारी जरूरतों की ओर खींचता है। वह भारत के सच्चे मित्र हैं। मैं उनके प्रयासों के लिए बेहद आभारी हूं। फेलो यूनिसेफ एम्बेसडर के रूप में उन्हीं मुद्दों पर काम करना मेरे लिए सम्मान की बात है।”
डेविड बेकहम और आयुष्मान खुराना दोनों का मानना है कि बेहतर भविष्य की शुरुआत सबसे कमजोर बच्चों की आवाज़ सुनने, उन्हें समर्थन देने और उनके साथ खड़े रहने से होती है—और आज, यूनिसेफ के एंबेसडर्स के रूप में वे यह काम कंधे से कंधा मिलाकर कर रहे हैं।
















