34 वर्षीय बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने 14 जून को अपने घर में फ़ांसी लगाकर आत्महत्या कर ली । सुशांत की आत्महत्या से हर कोई परेशान है कि आखिर ऐसा क्या हुआ जिसकी वजह से अभिनेता ने ऐसा कदम उठाया । सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या अपने पीछे कई अनसुलझे सवाल छोड़ गई हैं । इन्हीं अनसुलझे सवालों को सुलझाने के लिए मुंबई पुलिस लगातार जांच में जुटी हैं । इसी बीच सुशांत के करीबी दोस्त और फ़िल्म निर्माता संदीप सिंह ने सुशांत और अंकिता के साथ अपनी एक फ़ोटो पोस्ट की है साथ ही एक बेहद इमोशनल पोस्ट भी लिखा है जिसमें उन्होंने अपनी, अंकिता लोखंडे और सुशांत की दोस्ती के बारे में कई बातें बताईं है । इसके साथ ही संदीप सिंह ने कहा कि सुशांत को केवल अंकिता लोखंडे ही बचा सकती थीं ।

सुशांत सिंह राजपूत और अंकिता लोखंडे बहुत करीबी दोस्त थे
संदीप ने सुशांत और अंकिता के साथ एक पुरानी फ़ोटो शेयर कर इच्छा जाहिर की काश वो और अंकिता सुशांत को आत्महत्या करने से रोक पाते । संदीप ने अपनी इस पोस्ट को सुशांत को डेडिकेट करते हुए लिखा, “डियर अंकिता, हर दिन गुजरने के साथ एक ही बात मेरा बार-बार पीछा कर रही है । हमने थोड़ी और कोशिश की होती, हमने उसे रोका होता, हमने उससे भीख मांगी होती ! तुम दोनों अलग भी हो गए तो भी तुमने उसकी खुशी और सफलता की प्रार्थना की... तुम्हारा प्यार पवित्र था । खास था । तुमने अब तक अपने घर की नेमप्लेट से उसका नाम नहीं हटाया है । मुझे उन दिनों की याद आती है, जब हम तीनों लोखंडवाला में परिवार की तरह रहते थे ।”
“हम लोगों की कई ऐसी यादें हैं जिन्हें सोचकर आज मेरा दिल रो पड़ता है...। साथ में खाना बनाना, साथ में खाना, एसी का पानी गिरना, हमारा मटन भात, हमारी उट्टन, लोनावला या गोवा की लॉन्ग ड्राइव । हमारी पागलपन वाली होली ! जो हंसी हमने बांटी, वो जीवन का सेंसिटिव लो फेज, जब हम एक-दूसरे के साथ थे, तुम तो सबसे ज्यादा । सुशांत के चेहरे पर हंसी लाने के लिए तुम जो चीजें करती थीं । आज भी मैं मानता हूं कि तुम दोनों ही एक-दूसरे के लिए बने थे । तुम दोनों सच्चा प्यार हो । ये बातें, ये यादें मेरे दिल में गूंज रही हैं... मैं उन्हें वापस कैसे लाऊं ! मैं उन्हें वापस लाना चाहता हूं। मैं हम तीनों को वापस चाहता हूं ! मालपुआ याद है ? और कैसे वो मेरी मां से बच्चों की तरह मटन करी मांगता था ।”
काश तुम दोनों ने शादी कर ली होती…
“मैं जानता हूं कि सिर्फ तुम उसे बचा सकती थी । काश तुम दोनों ने शादी कर ली होती जैसा कि हमने ख्वाब देखा था । अगर वो तुम्हें अपने पास रहने देता... तो तुम उसे बचा सकती थीं । तुम उसकी गर्लफ्रेंड थी, उसकी पत्नी, उसकी मां, हमेशा के लिए उसकी बेस्ट फ्रेंड । आई लव यू अंकिता । मैं तुम्हारी जैसी दोस्त को कभी खोना नहीं चाहता । मैं इसे बर्दाश्त नहीं कर पाऊंगा ।”
यह भी पढ़ें : दिल में दर्द दबाए भरी आंखों से सुशांत सिंह राजपूत के घर पहुंची उनकी दोस्त अंकिता लोखंडे
















