बॉलीवुड हंगामा लगातार धुरंधर से जुड़े एक्सक्लूसिव अपडेट्स सबसे पहले अपने पाठकों तक पहुँचाता रहा है। सबसे पहले हमने ये खबर दी कि मुंबई के प्रतिष्ठित नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर (NMACC) में होने वाले भव्य ट्रेलर लॉन्च में करीब 2000 रणवीर सिंह फैंस मौजूद होंगे। इसके बाद हमने बताया कि फिल्म का रनटाइम तीन घंटे से ज़्यादा होने की उम्मीद है। ट्रेलर लॉन्च से एक दिन पहले जब बॉलीवुड हंगामा ने खुलासा किया कि धुरंधर दो पार्ट में रिलीज़ होने वाली है, तो खबर ने इंटरनेट पर हलचल मचा दी। और अब हम लेकर आए हैं फिल्म से जुड़ा एक और बड़ा अपडेट।

IFFI 2025 में रणवीर सिंह करेंगे धुरंधर को प्रमोट
एक सोर्स ने बॉलीवुड हंगामा को बताया, “धुरंधर की टीम गोवा में चल रहे 56वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) में ग्रैंड अपीयरेंस देगी। 28 नवंबर को पंजीम स्थित विशाल डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी इंडोर स्टेडियम में होने वाला क्लोज़िंग सेरेमनी इवेंट मीडिया, इंडस्ट्री और आम दर्शकों के लिए हमेशा से खास रहा है। ऐसे में फिल्म की टीम के लिए ये एक परफ़ेक्ट मंच होगा जहां फिल्म को लेकर बात की जा सके। IFFI के लिए भी ये फायदेमंद है क्योंकि फिल्म की स्टार कास्ट की मौजूदगी और भी ज्यादा ध्यान आकर्षित करेगी।”
सोर्स ने आगे बताया, “फिल्म के लीड स्टार रणवीर सिंह और निर्देशक आदित्य धर का क्लोज़िंग सेरेमनी में होना तय माना जा रहा है। रणवीर फिल्म के गानों पर स्टेज पर परफ़ॉर्म भी करेंगे। इनके अलावा फिल्म की बाकी टीम के भी उपस्थित रहने की उम्मीद है।”
रणवीर सिंह के साथ धुरंधर में संजय दत्त, अक्षय खन्ना, आर. माधवन, अर्जुन रामपाल और सारा अर्जुन भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म को जियो स्टूडियोज और B62 स्टूडियोज ने प्रोड्यूस किया है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, इस क्लोज़िंग सेरेमनी में रजनीकांत और कृति सेनन के भी शामिल होने की उम्मीद है।
















