बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के निधन ने न सिर्फ उनके प्रशंसकों को गहरा सदमा दिया है, बल्कि इंडस्ट्री के एक यादगार और बेहद भावुक प्रोजेक्ट पर भी विराम लगा दिया है। निर्देशक अनिल शर्मा ने कन्फर्म किया है कि अपने 2 जो तीन पीढ़ियों को एक साथ लाने वाला एक ड्रीम प्रोजेक्ट था अब कभी नहीं बन पाएगी।

अब नहीं बनेगी अपने 2
धर्मेंद्र (89) का 24 नवंबर को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। कुछ दिन पहले ही उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया था, लेकिन घर पर मॉनिटरिंग के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।
निर्देशक अनिल शर्मा, जो अपने 2 को डायरेक्ट करने की तैयारी में थे, भावुक होकर कहते हैं, “अपने तो अपनों के बिना नहीं हो सकती। धर्म जी के बिना सीक्वल बनाना नामुमकिन है। सब कुछ तय था, स्क्रिप्ट तैयार थी, लेकिन वो हमें छोड़कर चले गए। कुछ सपने अधूरे रह जाते हैं... उनके बिना यह संभव नहीं।”
2007 की फैमिली ड्रामा अपने के सीक्वल में धर्मेंद्र के साथ सनी देओल, बॉबी देओल और करण देओल की प्रमुख भूमिकाएँ तय थीं। फिल्म की घोषणा को कई साल हो चुके थे, लेकिन शूटिंग शुरू नहीं हो पाई थी।
अनिल शर्मा और धर्मेंद्र की साझेदारी दशकों पुरानी रही है। दोनों ने साथ में हुकूमत, एलान-ए-जंग, फरिश्ते, तहलका और अपने जैसी फिल्में की थीं। अपने 2 उनके रिश्ते का एक और भावुक अध्याय बनने वाली थी, जो अब अधूरी ही रह गई।
धर्मेंद्र की आखिरी रिलीज़ अब इक्कीस होगी, जिसका निर्देशन श्रीराम राघवन ने किया है और जिसमें अगस्त्य नंदा मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म 25 दिसंबर 2025 को रिलीज़ होगी अभिनेता के निधन के ठीक एक महीने बाद।
धर्मेंद्र के जाने के बाद अपने 2 का सपना टूट गया है, लेकिन उनके अभिनय की विरासत हमेशा अमर रहेगी।
















