सुशांत सिंह राजपूत अब इस दुनिया में नहीं है लेकिन न तो उनकी फ़ैमिली, न दोस्त और नही ही उनके फ़ैंस इस सच को स्वीकार कर पा रहे हैं । 14 जून को सुशांत सिंह राजपूत ने खुदकुशी कर ली । कहा जा रहा है कि सुशांत कई महीनों से डिप्रेशन से जूझ रहे थे । सुशांत के सबसे करीबी दोस्त और प्रोड्यूसर संदीप सिंह भी अपने दोस्त के जाने से बहुत दुखी हैं । हाल ही में जब संदीप सिंह ने बॉलीवुड हंगामा के साथ एक्सक्लूसिव बातचीत की जिसमें उन्होंने सुशांत के सुसाइड से लेकर अंतिम संस्कार तक की आपबीती सुनाई, कि कैसे वह इस खबर को सुनकर हिल गए थे । इसी के साथ संदीप सिंह ने अपनी नाराजगी जताते हुए ये भी कहा कि, कुछ मीडिया ने सुशांत के निधन को तमाशा बना दिया है । उन्होंने ऐसे लोगों से गुजारिश की कि अब सुशांत को अकेला छोड़ दो, अब उस पर न्यूज मत बनाओ ।

EXCLUSIVE: सुशांत सिंह राजपूत के बेस्ट फ़्रेंड संदीप सिंह ने सुशांत के सुसाइड से लेकर अंतिम संस्कार तक के दर्द को बयां किया

सुशांत सिंह राजपूत के निधन से टूट गए हैं संदीप सिंह

इंटरव्यू के दौरान जब संदीप से सुशांत की फ़ैमिली के बारें में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि, “सुशांत के अंतिम संस्कार के वक्त उनके परिवार को मुझे गाइड करना पड़ रहा था कि अब ये करना, अब ये करना, क्योंकि उनके लिए ये सदमा बर्दाश्त करने लायक नहीं है । मुझे नहीं लगता कि वो अभी तक इस सच को स्वीकार कर पाए हैं कि सुशांत अब इस दुनिया में नहीं है या उसने ऐसा कदम उठा लिया है । जब मुझे सुशांत के सुसाइड की खबर मिली थी और मैं उसके घर जा रहा था, उस दौरान तब तक, मुझे विश्वास नहीं हुआ जब तक कि मैंने उसे देख न लिया । उसे देखने के बाद भी मुझे यकीन नहीं हो रहा था ।

मुझे लगा कि शायद कुछ गलती हुई होगी क्योंकि ये वो नहीं हो सकता । तो वो एक बहुत मुश्किल दौर था । क्योंकि उस वक्त सुशांत की फ़ैमिली का कोई भी उस जगह मौजूद नहीं था और बार-बार कुछ पेपर्स पर साइन कराया जा रहा था और उसकी शिनाख्त के लिए आईडी मांगी जा रही थी, जो कि एक प्रक्रिया के अंतर्गत आता है । तो ये मेरे लिए बहुत मुश्किल था । क्योंकि इससे पहले मैंने ये सब किया नहीं था और न ही करना चाहता हूं और किसी की जिंदगी में ऐसा दिन आए । महेश शेट्टी ने घर पर रहकर सुशांत की पूरी फ़ैमिली को संभाला है और मैंने कूपर हॉस्पिटल से लेकर श्मशान घाट तक सब कुछ संभाला । हमने तय किया था कि सुशांत की फ़ैमिली को हॉस्पिटल नहीं लेकर जाना है क्योंकि वो उसे देख नहीं पाएगी ।”

लोगों के सुशांत के लिए इमोशन है ये

इंटरव्यू के दौरान संदीप से पूछा गया कि सुशांत के दुखद निधन के बाद उनके फ़ैंस बहुत नाराज हो गए हैं और अपनी नाराजगी कुछ लोगों पर निकाल कर रहे हैं, तो आप उसे कैसे देखते हैं ? इसके जवाब में संदीप ने कहा कि, “गुस्सा हर इंसान में होना चाहिए, लेकिन गुस्सा किस बात का होना चाहिए, ये बहुत महत्वपूर्ण है । असल में फ़ैंस का ये इमोशन है, जिसे मीडिया वाले गुस्सा कह रहे हैं । उस इमोशन को समझना बहुत जरूरी है । सुशांत के जाने का दुख लोगों में इतना ज्यादा है कि लोग अलग-अलग तरीके से रिएक्ट कर रहे हैं । सड़कों पर उतर रहे हैं और न जाने क्या-क्या कर रहे हैं ।

मैंने भी इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया, जो मुझे लगता है कि मुझे नहीं करना चाहिए था । क्योंकि इस वक्त लोग उन्हें लेकर इमोशनल है और अलग-अलग तरीके से अपने इमोशन निकाल रहे हैं । और मीडिया ने लोगों की भावनाओं को अलग-अलग तरीके से डिफ़ाइन कर दिया है । कई लोगों ने तो कुछ लोगों पर आरोप लगाना भी शुरू कर दिया है । लेकिन आप उसकी जड़ तक तो जाने की कोशिश करो न । उसके बाद ही आप अपना गुस्सा जाहिर करें । इस वक्त कोई ये नहीं सोच रहा है कि सुशांत की फ़ैमिली और उनके करीबियों पर इस वक्त क्या बीत रही होगी । तो इस बात का मुझे दुख है ।”

यह भी पढ़ें : EXCLUSIVE: अपने बेस्ट फ़्रेंड सुशांत सिंह राजपूत के निधन से दुखी संदीप सिंह ने बताया, “मुझे कुछ पॉवरफ़ुल लोगों ने मैसेज कर कहा कि तुमने हमें अंतिम संस्कार में इन्वाइट क्यों नहीं किया”

“जब मैं श्मशान भूमि से लौट रहा था तब मीडिया ने मेरी गाड़ी के अंदर माइक फ़ेंक दिया था और मुझसे जानना चाह रहे थे कि अंदर क्या हो रहा था, जरा बताइए । दुख की बात ये है कि सुशांत के जाने का लोगों ने तमाशा बना लिया है । जिस कारण से वो गया, उसे कोई नहीं जानता । जहां से भी हम निकल रहे हैं बस हमसे पूछा जाता है कि अंदर क्या हुआ, यहां तक की पुलिस की पूछताछ में भी बाहर आकर हमसे ऐसे ही सवाल पूछे जा रहे हैं मीडिया द्दारा । कुछ मीडिया को समझना चाहिए कि वो जो बात कहेंगे वो करोड़ों लोगों पर असर करेगी । मीडिया की इसी हरकत की वजह से लोगों की प्रतिक्रिया अलग हो जाती है । इसलिए मैं कहना चाहूंगा कि मीडिया को थोड़ा केयरफ़ुल और जिम्मेदार रहना चाहिए ।”