परफेक्ट फैमिली में थैरेपिस्ट मेघा की भूमिका निभा रहीं नेहा धूपिया अपने किरदार और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े नजरिये पर खुलकर बात करती हैं। इस सीरीज़ में मनोज पाहवा, सीमा पाहवा, गिरिजा ओक और गुलशन देवैया भी प्रमुख भूमिकाओं में नज़र आएंगे। यह सीरीज़ 27 नवंबर को JAR Series के यूट्यूब चैनल पर रिलीज़ होगी।

पंकज त्रिपाठी के प्रोडक्शन डेब्यू परफेक्ट फैमिली में नेहा धूपिया बनीं थैरेपिस्ट ; मेंटल हेल्थ को समझने का देंगी नया नजरिया  

परफेक्ट फैमिली से नेहा धूपिया का किरदार

कोपिंग मैकेनिज़्म के मूल विचार पर बात करते हुए नेहा कहती हैं, “मेरा मानना है कि कोपिंग मैकेनिज़्म दो तरह के होते हैं अच्छे और बुरे। अच्छे कोपिंग मैकेनिज़्म बहुत सी चीज़ें हो सकती हैं; जैसे गिरिजा ने कहा कि उनके लिए म्यूज़िक और गाना एक तरीका है, और मेरे लिए दौड़ना। लेकिन ट्रेलर में निति और विष्णु उन कोपिंग मैकेनिज़्म का इस्तेमाल करते दिखते हैं जो अस्वस्थ हैं या कम-से-कम हद से ज्यादा अनहेल्दी हैं। यही बात ज़रूरी है ऐसे मुकाम तक पहुँचने से पहले, जहाँ आप किसी गलत सहारे पर निर्भर हो जाएं, क्यों न मदद ली जाए? आपको एक ऐसे इंसान की ज़रूरत होती है जो परिवार नहीं, दोस्त नहीं, पक्षपाती नहीं… बस आपको सच बताए कि यह तुम्हारे लिए अच्छा नहीं है, चलो इससे पहले तुम्हें वापस खींच लें।”

स्क्रिप्ट से जुड़ने की वजह बताते हुए उन्होंने कहा, “जब यह स्क्रिप्ट मेरे पास आई, तब मेरी ज़िंदगी का समय, समाज की स्थिति और इस कहानी का संदेश सब कुछ एकदम सही तरह से मेल खा रहा था। लगा कि इस विषय पर कोई काम ज़रूर होना चाहिए। कुछ कहानियाँ एक स्टेपिंग पॉइंट बनती हैं, जैसे गहरे पानी में कूदने से पहले का डाइविंग बोर्ड। थेरेपी भी उसी तरह है। एक स्टेप यह मान लेना कि मुझे थेरेपी की ज़रूरत है और उससे भी मुश्किल स्टेप किसी और से कहना कि ‘मुझे लगता है, तुम्हें मदद लेनी चाहिए।’”

समाज में थेरेपी को लेकर मौजूद सोच पर उन्होंने कहा, “इस सोच को बदलने में अभी बहुत लंबा सफर तय करना है। अगर बेटी कह दे कि उसे थेरेपी चाहिए, तो घर वाले ही पूछते हैं ‘क्यों? तुम्हें क्या दिक्कत है?’ लोग जज करते हैं। लेकिन परफेक्ट फैमिली देखकर लगेगा यह हम सबकी कहानी है। तुम, मैं, वो… किसी न किसी जगह हम सब दबे हुए महसूस करते हैं। कई बार हम बोलना छोड़ देते हैं — और यही हमारी कंडीशन है। मुझे उम्मीद है कि परफेक्ट फैमिली लोगों को थेरेपी, बातचीत, साथ मिलकर रहने और उन परतों को प्यार, जगह, खुशी और सम्मान से हटाने के लिए प्रेरित करेगी।”

यह सीरीज़ JAR Pictures के अजय राय द्वारा प्रोड्यूस की गई है, जबकि मोहित छाबड़ा और पंकज त्रिपाठी इस प्रोजेक्ट के साथ बतौर निर्माता पदार्पण कर रहे हैं। इसे पलक बंबरी ने क्रिएट किया है और सचिन पाठक ने निर्देशन किया है।