कोरोना वायरस के तेजी से फ़ैलते संक्रमण को रोकने के लिए पूरी दुनिया इन दिनों वर्क फ़्रॉम होम यानी घर से काम कर रही है । बॉलीवुड फ़िल्मों की शूटिंग भी अभी उतनी स्पीड से शुरू नहीं हुई है ऐसे में बॉलीवुड के किंगखान शाहरुख खान ने भी वर्क फ़्रॉम होम शुरू कर दिया है । दरअसल, इंटरनेट पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें शाहरुख अपने घर की बालकनी में शूटिंग करते हुए नजर आ रहे हैं ।

शाहरुख खान ने घर की बालकनी से शूट किया
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि शाहरुख अपने बंगले मन्नत की बालकनी में खड़े होकर कुछ शूट कर रहे हैं । वीडियो में कैमरा और लाइट्स भी साफ तौर पर नजर आ रही हैं । इस दौरान शाहरुख चैक शर्ट,जींस के साथ डार्क शेड के सनग्लासेज पहने नजर आए ।

हालांकि किंगखान किस प्रोजेक्ट की शूटिंग कर रहे हैं, इसकी जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है । लेकिन उनके फ़ैंस उनकी अगली फ़िल्म को लेकर बहुत उत्साहित हैं । शाहरुख का ये वीडियो खूब वायरल हो रहा है और फ़ैंस उनके इस अंदाज को खूब पसंद कर रहे हैं ।

वर्क फ़्रंट की बात करें तो शाहरुख की पिछली फ़िल्म जीरो थी । इसके बाद शाहरुख ने अपनी अगली फ़िल्म का अभी तक ऐलान नहीं किया है । फ़ैंस उनकी आगामी फ़िल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं । वहीं सुनने में आ रहा है कि शाहरुख की अगली फ़िल्म फ़िल्ममेकर राजकुमार हिरानी के साथ होगी ।
















