बीते जमाने के दिग्गज अभिनेता मनोज कुमार ने अपने 50 से अधिक वर्षों के शानदार करियर में हिंदी सिनेमा को बतौर निर्देशक और बतौर अभिनेता उपकार, शोर और रोटी कपड़ा और मकान, पत्थर के सनम, संन्यासी और वो कौन थी जैसी कई सुपरहिट फिल्में दी । हाल ही में मनोज कुमार ने फ़िल्म वो कौन थी के शूटिंग एक्सपीरियंस को बॉलीवुड हंगामा के साथ शेयर किया।

EXCLUSIVE: मनोज कुमार ने किया खुलासा, वो कौन थी के डायरेक्टर राज खोसला ने इस वजह से खुद को ‘चप्पलों’ से मारा

मनोज कुमार ने बिना क्रेडिट लिए लिखे फ़िल्म के डायलॉग्स और सीन्स

वो कौन थी के शूटिंग एक्सपीरियंस को याद करते हुए, मनोज ने कहा, “क्या आपको पता है कि वो कौन थी का सबसे आईकॉनिक गाना ‘लग जा गले’ को पहले फ़िल्म के निर्देशक राज खोंसला ने रिजेक्ट कर दिया था । मुझे याद है ये सुनकर संगीतकार मदन मोहन साहब, जो एक बेहद संवेदनशील कलाकार थे, टूट गए थे । उन्होंने मुझसे इस बारें में कहा, ‘मनोज भाई, देखो न, इस गाने को तुम्हारे निर्देशक ने रिजेक्ट कर दिया है ।’ जब मैंने इस गाने को सुना तो मैं तुरंत समझ गया कि इस गाने में बात तो है । फ़िर मैं इस गाने को लेकर राज खोंसला के पास गया और उन्हें ये गाना सुनाया । गाने के अंत में वह चुपचाप उठे और कमरे से बाहर चले गए फ़िर बाहर से चप्पल उठाकर लाए और खुद को मारने लगे ।

लग जा गले को कर दिया था रिजेक्ट

ये देखकर मैं और मदन मोहन हैरान हो गए । हमने उनसे कहा, ‘ये आप क्या कर रहे हैं ?’ राज ने कहा, कि वह ‘लग जा गले’ जैसे खूबसूरत गाने को अस्वीकार करने की मूर्खता कैसे कर गए इसलिए उन्होंने खुद को मारा । मुझे खुशी है कि निर्माता प्रेरणा अरोड़ा ने दो गानों ‘लग जा गले’और ‘नैना बरसे’ के राइट्स ले लिए हैं । मुझे लगता है कि वो कौन थी में ‘छोडकर तेरे प्यार का दमन’, ‘आप क्यों रोए’ और ‘शोख नज़र की बिजली’ जैसे अन्य गाने भी समान रूप से आईकॉनिक हैं ।”

हम हर फिल्म में एक परिवार की तरह काम करते थे

इसके अलावा मनोज ने वो कौन थी के अन्य अनसुने किस्सों भी हमसे शेयर किया । उन्होंने बताया कि वो कौन थी के डायलॉग्स और दृश्य उनके द्वारा लिखे गए थे । “हां मैंने वो कौन थी के कई सीन्स और डायलॉग्स लिखे थे । मैं आपको बताता हूं कि ये कैसे हुआ । मैं शूटिंग के लिए शिमला पहुंचा था । वहां ‘शोख नज़र की बिजली’ गाना मेरे और हेलन जी के ऊपर शूट हो रहा था । तब मुझे लगा कि कुछ कमी है । शूटिंग के बाद मैं डायरेक्टर राज खोसला के कमरे में गया।

ऑरिजनल डायलॉग्स को फ़ाड़ दिया

मेरी लीडिंग लेडी साधना जी, प्रोड्यूसर एनएन सिप्पी भी मौजूद थे। मैंने राज से कहा, ‘कुछ जम नहीं रहा । पंक्तियों को बदलने की जरूरत है ।’ फ़िर मैंने अपने लिखे हुए डायलॉग्स उन्हें दिखाए । राज खोसला ने उन्हें पढ़ा । इसके बाद राज ने ऑरिजनल डायलॉग्स को फ़ाड़ दिया और मेरे द्दारा लिखे गए डायलॉग्स को यूज करनेके लिए कहा । राज ने कहा, ‘कल से हम मनोज द्दारा लिखी गई लाइन्स का उपयोग करेंगे ।’इस तरह मैंने इस भूत कहानी में दृश्यों और डायलॉग्स को बिना क्रेडिट लिए लिखा ।”

जब मैंने उनसे पूछा तो फ़िर आपने इसका क्रेडिट क्यों नहीं लिया ? इसके जवाब में उन्होंने कहा, “अरे यार, ये मायने नहीं रखता । मैंने ये सब नाम के लिए नहीं किया था । मैंने फिल्म को बेहतर बनाने के लिए ऐसा किया । उन दिनों हम हर फिल्म में एक परिवार की तरह काम करते थे । वो कौन थी के दौरान साधना, राज खोसला, मदन मोहन और मैं एक परिवार थे । हमने यह नहीं सोचा कि किसे क्रेडिट मिले या न मिले । हमने रसोई में रसोइयों की एक टीम की तरह काम किया, जिसमें सबसे अच्छा भोजन संभव था ।”

इसी के साथ मनोज ने कहा कि वो कौन थी के नए वर्जन को लिखने में उन्हें खुशी होगी।