अक्षय कुमार इन दिनों अपनी आगामी फ़िल्म बच्चन पांडे, जो कि 18 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है, के प्रमोशन में बिजी है । अक्षय कुमार, कृति सेनन, जैकलीन फर्नांडीज और अरशद वारसी अभिनीत बच्चन पांडे एक कॉमेडी गैंगस्टर ड्रामा है जो अपने सबजेक्ट को लेकर लोगों के बीच छाई हुई है । फ़रहाद सामजी ने अपनी फ़िल्म की स्टार कास्ट के साथ हाल ही में बॉलीवुड हंग़ामा के साथ एक्सक्लूसिव बातचीत की जिसमें उन्होंने खुलासा किया कि आखिर फ़िल्म का नाम बच्चन पांडे कैसे पड़ा ।

अक्षय कुमार की बच्चन पांडे
इंटरव्यू के दौरान अक्षय ने बताया कि, “बच्चन पांडे के टाइटल की प्रेरण असल में टशन में मेरे किरदार के नाम से ली गई थी । उस फिल्म में मेरे किरदार का नाम बच्चन पांडे था ।”
वहीं डायरेक्टर फरहाद ने बताया कि फिल्म का जो सीन डिलीट है उसमें अभिषेक और चंकी थे मगर सिर्फ फोटो की फॉर्म में । फरहाद ने खुलासा किया कि “हम फ़िल्म में एक सीन डालने वाले थे जिसमें कृति और अरशद एक बच्चे से पूछते हैं कि बच्चन पांडे को देखा है क्या । तो वो बच्चा मायापुरी मैगजीन में अभिषेक बच्चन और चंकी पांडे की फ़ोटो दिखाता है । लेकिन ये सीन फ़िर लिया नहीं फ़िल्म में ।”
इससे पहले ट्रेलर लॉन्च के दौरान फिल्म की प्रेस कॉन्फ्रेंस में अक्षय ने मजाक में कहा कि उन्हें इस फिल्म के टाइटल की प्रेरणा हाउसफुल 4 की पार्टी में मिली थी । जब उन्होंने अभिषेक बच्चन और चंकी पांडे को साथ में खड़े देखा था । हालांकि इसके बाद अक्षय ने बॉलीवुड हंगामा को दिए इंटरव्यू में यह क्लीयर कर दिया कि यह सिर्फ़ एक मजाक था ।
2 घंटे 29 मिनट लंबी बच्चन पांडे को साजिड नाडियाडवाला ने प्रोड्यूस किया है । सीबीएफ़सी ने बच्चन पांडे को 3 कट के साथ U/A सर्टिफ़िकेट दिया ।
















