अक्षय कुमार और अरशद वारसी स्टारर कोर्टरूम ड्रामा जॉली एलएलबी 3 अब बॉक्स ऑफिस के बाद डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपनी पारी शुरू करने जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, फिल्म का डिजिटल प्रीमियर इस शुक्रवार, यानी 14 नवंबर को होने की उम्मीद है। खास बात यह है कि यह फिल्म एक नहीं, बल्कि दो ओटीटी प्लेटफॉर्म्स – नेटफ्लिक्स और जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम की जा सकती है।

SCOOP: अक्षय कुमार-अरशद वारसी की जॉली एलएलबी 3 की डिजिटल रिलीज में ट्विस्ट ; एक नहीं, दो OTT प्लेटफॉर्म पर होगी स्ट्रीम

जॉली एलएलबी 3 की OTT रिलीज

एक सूत्र ने बॉलीवुड हंगामा को बताया, “आमतौर पर किसी फिल्ममेकर का एक ही स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म से एक्सक्लूसिव डील होता है, लेकिन जॉली एलएलबी 3 को लेकर प्लान थोड़ा अलग है। फिल्म के ओपनिंग स्लेट में ही नेटफ्लिक्स और जियोहॉटस्टार दोनों के लोगो दिखाए गए थे, जिससे साफ है कि दोनों प्लेटफॉर्म पर फिल्म उपलब्ध होगी।”

हालांकि यह अभी स्पष्ट नहीं है कि फिल्म 14 नवंबर से ही दोनों प्लेटफॉर्म पर साथ में स्ट्रीम होगी या फिर पहले किसी एक पर और कुछ हफ्तों बाद दूसरे पर रिलीज़ की जाएगी।

इससे पहले जॉन अब्राहम की थ्रिलर ‘तेहरान’ को भी इसी तरह दो प्लेटफॉर्म्स पर रिलीज़ किया गया था। फिल्म 14 अगस्त को ZEE5 पर आई थी और 28 अगस्त को नेटफ्लिक्स पर भी स्ट्रीम की गई। मेडॉक फिल्म्स की यह प्रोडक्शन कंपनी पहले भी ‘मिमी’ (2021) और ‘दसवी’ (2022) जैसी फिल्मों को एक साथ नेटफ्लिक्स और जियो सिनेमा पर रिलीज़ कर चुकी है।

इकनॉमिक टाइम्स की 19 जुलाई की रिपोर्ट के अनुसार, अब ओटीटी प्लेटफॉर्म्स बढ़ती लागत को देखते हुए कंटेंट राइट्स शेयरिंग मॉडल को अपना रहे हैं। रिपोर्ट में बताया गया था कि तमिल फिल्म ‘विदुथलाई 2’ को पहले अमेज़न प्राइम वीडियो और तीन महीने बाद ZEE5 पर रिलीज़ किया गया था। इसी तरह तेलुगु फिल्म ‘मज़ाका’ भी दोनों प्लेटफॉर्म्स पर आई, लेकिन केवल 30 दिनों के गैप के साथ — पहले ZEE5 पर और फिर अमेज़न प्राइम वीडियो पर।

अब देखना दिलचस्प होगा कि जॉली एलएलबी 3 के मेकर्स किस मॉडल को अपनाते हैं । एक साथ ड्यूल रिलीज़ या फिर तय अंतराल के साथ दोहरी स्ट्रीमिंग।