कोरिया के प्रख्यात निर्माता ह्यूनवू थॉमस किम (Hyunwoo Thomas Kim) बीते लगभग दस सालों से भारत में सिनेमा की नई राह बना रहे हैं । Kross Pictures के बैनर तले वे कई अनोखी और कंटेंट-ड्रिवन भारतीय फिल्में बना चुके हैं जिनमें Te3n (2016), जाने जां (2023), ब्लाइंड (2023) और साकिनी दाकिनी (2022) जैसी फिल्में शामिल हैं। हाल ही में मिड-डे को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने अपनी भारत यात्रा, संघर्ष और भविष्य की योजनाओं के बारे में खुलकर बात की ।

अक्षय कुमार संग नया कोरियन रीमेक
थॉमस किम ने बताया कि साल 2014 में उन्हें ‘Balaji’ नाम की एक कंपनी से लगातार ईमेल आ रहे थे, जिन्हें वे शुरू में स्पैम समझते रहे। जब उन्होंने एक मेल खोला तो पाया कि यह Balaji Motion Pictures का ऑफिशियल अनुरोध था वे उनकी कोरियन फिल्म The Devotion Of Suspect X के हिंदी रीमेक राइट्स लेना चाहते थे। जब थॉमस किम को बताया गया कि रीमेक के निर्देशक सुजॉय घोष होंगे, तो उन्होंने उनकी फिल्म कहानी (2012) देखी और इतने प्रभावित हुए कि तुरंत मुंबई उड़कर आ गए और सुजॉय को राइट्स दे दिए।
किम ने कहा, “मुंबई आकर मुझे सबसे ज्यादा यह देखकर हैरानी हुई कि यहाँ हर कोई अंग्रेज़ी बोलता है जिससे बिज़नेस करना आसान हो गया। भारत में बड़ा मार्केट है, शानदार डायरेक्टर्स और एक्टर्स हैं… बस अच्छे राइटर्स की कमी है। मुझे लगा यह गैप भरना चाहिए।” उन्होंने हँसते हुए बताया कि शुरू में लोग सोचते थे कि “मैं यहाँ इतना पैसा और समय इसलिए खर्च कर रहा हूँ क्योंकि मेरी कोई गर्लफ्रेंड भारत में है पर ऐसा नहीं है।”
हालांकि The Devotion Of Suspect X का हिंदी रूपांतरण जाने जां बनने में लगभग 9 साल लग गए। जब उनसे पूछा गया कि यह फिल्म 2014 में क्यों नहीं बनी, तो उन्होंने कहा, “क्योंकि दृश्यम (2013) पहले ही रिलीज़ हो चुकी थी, जो उसी कहानी से प्रेरित थी। उस समय मैंने ‘दृश्यम’ के मेकर्स पर केस करने का सोचा था, लेकिन एकता कपूर ने बैकआउट कर लिया।”
इसके बावजूद, थॉमस किम ने कन्नड़ फिल्म पुष्पक विमान (2017) के खिलाफ केस जीत लिया, जो कोरियन फिल्म Miracle In Cell No.7 (2013) की अनऑथराइज्ड रीमेक थी। बॉम्बे हाईकोर्ट ने फिल्म के सैटेलाइट और टेलीकास्ट राइट्स पर रोक लगा दी थी।
थॉमस किम ने बताया कि वे अब अक्षय कुमार को लेकर एक नई कोरियन फिल्म का हिंदी रीमेक बनाने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “कल ही मैंने अक्षय को लंदन में मैसेज किया कि वे एक खास कोरियन फिल्म देखें, जिसे पूरी इंडस्ट्री जानती है। सुजॉय घोष ने उसका ड्राफ्ट तैयार कर लिया है अगर अक्षय हाँ कहते हैं, तो हमारी अगली फिल्म तय है।”
इंटरव्यू के दौरान उन्होंने बताया कि बॉलीवुड ने उन्हें हमेशा गर्मजोशी से अपनाया है। “मैं यहाँ लगभग हर बड़े स्टार से मिला हूँ शाहरुख़ खान ने तो मुझे सबसे पहले एक स्क्रिप्ट पर मैसेज किया था,” उन्होंने मुस्कराते हुए कहा।
















