सनी देओल और अमीषा पटेल स्टारर गदर 2 की सफ़लता से हर कोई हैरान है । फ़िल्म बॉक्स ऑफ़िस पर हर दिन एक नया इतिहास रच रही है । बॉक्स ऑफ़िस पर अब तक कुल 460.65 करोड़ रु की कमाई कर चुकी गदर 2 रिलीज के इतने दिन बाद भी थिएटर में अपने लिए दर्शक जुटाने में कामयाब हो रही है । इसी बीच गदर 2 के डायरेक्टर अनिल शर्मा ने बॉलीवुड हंगामा के साथ एक्सक्लूसिव बातचीत की जिसमें उन्होंने फ़िल्म से जुड़ी कई अंदर की बात की । साथ ही गदर 2 की मेकिंग के दौरान अपनी और गदर की एक्ट्रेस अमीषा पटेल के साथ अपने मनमुटाव की खबरों पर चुप्पी तोड़ी । साथ ही अनिल शर्मा ने अमीषा को सकीना के रोल देने का अहम कारण भी बताया ।

EXCLUSIVE: गदर एक्ट्रेस अमीषा पटेल के साथ मनमुटाव की खबरों पर अनिल शर्मा ने चुप्पी तोड़ते हुए कहा- “वो एक्टिंग में थोड़ी कमजोर थी लेकिन फ़िर भी उन्हें सकीना के लिए कास्ट किया ; वो बड़े घर की बिटिया हैं इसलिए उनके मिजाज थोडे बड़े हैं”

अमीषा पटेल के साथ अपनी बॉन्डिंग पर अनिल शर्मा ने चुप्पी तोड़ी

बता दें कि गदर 2 की रिलीज से पहले अमीषा ने अपने ही डायरेक्टर अनिल शर्मा पर पेमेंट न करने और मैनेजमेंट सही न होने जैसे कई आरोप लगाए थे । और अब फ़ाइनली अनिल शर्मा ने अमीषा के ऐसे आरोपों पर खुलकर बात की है । इसके अलावा इसी इंटरव्यू के दौरान अनिल शर्मा ने सकीना के रोल के लिए अमीषा क चुनने का भी कारण दिया और कहा कि अमीषा एक्टिंग में कमजोर थी लेकि फ़िर भी उन्हें इस रोल के लिए कास्ट किया गया । अनिल शर्मा ने कहा कि सकीना की भूमिका के लिए, उन्हें किसी 'चाँद-जैसे चेहरे' की तलाश थी इसलिए उन्होंने अमीषा को सकीना के रोल के लिए कास्ट किया । हालांकि अनिल शर्मा ने सकीना के लिए एक और एक्ट्रेस को शॉर्टलिस्ट किया था लेकिन फ़िर बात नहीं बन पाई ।

अनिल ने कहा, “हमें सकीना के रोल के लिए चाँद जैसा चेहरा चाहिए था । हालांकि अमीषा एक्टिंग में थोड़ी कमजोर थी । मैंने नितिन केनी (निर्माता) साहब से कहा, सूट तो मुझे ये कर रही है लेकिन एक दूसरी लड़की भी है और वो भी बेहतरीन एक्ट्रेस है । मगर पर्सनेलिटी के हिसाब से, सकीना अमीर घर की लड़की है तो अमीषा के अंदर वो बात है, वो एटिट्यूड है । हमने अमीषा को सकीना बनने के लिए 6 महीने की ट्रेनिंग दी थी और तब जाकर उनमे सकीना को उतारा और ऐसा उतारा कि वो सकीना अभी तक है उनमें ।”

बॉलीवुड हंगामा के साथ हुए एक एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में अनिल शर्मा ने अमीषा के साथ अपनी बॉन्डिंग और मनमुटाव की खबरों पर भी चुप्पी तोड़ते हुए कहा, “मेरा किसी के साथ रिश्ता खराब नहीं होता । तू-तू, मैं-मैं भी हुई फ़िर ठीक भी हो गई । बस ऐसे ही चलता है सब । अमीषा जी का नेचर ऐसा ही है । पिछली गदर की शूटिंग के दौरान भी अमीषा जी के साथ मेरी कुछ कहा सुनी हो गई थी । वो बड़े घर की बिटिया हैं इसलिए उनके मिजाज थोडे बड़े हैं । लेकिन वो दिल की बुरी नहीं है, दिल की बहुत अच्छी हैं । जो बड़े घर की बेटी होती हैं तो थोड़ी तुनकमिजाज आ जाती हैं बस और कुछ नहीं । हम लोग छोटे घर के हैं इसलिए हमारे में वो तुनकमिजाजी नहीं है । हम लोग तो प्यार मुहब्बत से रहते हैं । हालांकि वो भी प्यार मुहब्बत से रहते हैं लेकिन थोड़ा सा एक अलग एटिट्यूड है उनमें । इसलिए वो कभी टेड़ी-मेड़ी हो जाती है । लेकिन वैसे इंसान बहुत अच्छी हैं । और मेरा उनसे कोई मनमुटाव या गलतफ़हमी नहीं है ।”

इसके अलावा जब उनसे अमीषा के ड्यूज पेमेंट के बारें में पूछा गया, जिसके बारें में अमीषा ने ट्वीट भी किया था, तो अनिल शर्मा ने कहा, “मुझे थोड़ी पेमेंट करना सब जी को करने है तो पेमेंट ड्यू करने वाला मैं कौन होता हूं ।”

ज़ी स्टूडियोज़ और अनिल शर्मा प्रोडक्शंस द्वारा निर्मित, गदर 2 में सनी और अमीषा के अलावा उत्कर्ष शर्मा, मनीष वाधवा और सिमरत कौर भी नज़र आए हैं ।