अभिषेक बच्चन के करियर में उनकी कुछ फ़िल्में ऐसी रहीं हैं जिनमे उनके लाजवाब प्रदर्शन ने हर किसी का दिल जीत लिया । वहीं कुछ फ़िल्मों को लेकर उन्हें कई तरह की आलोचना का शिकार भी होना पड़ा । लेकिन जहां कुछ लोग आलोचनाओं को सहन नहीं कर पाते वहीं अभिषेक बच्चन इन आलोचना को पॉज़िटिवली लेते हैं और उन्हें हाईलाइट करके अपने क्राफ़्ट को सुधारने की कोशिश करते हैं । हाल ही में बॉलीवुड हंगामा के साथ हुए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में अभिषेक बच्चन ने बताया कि, उन्हें अपने आलोचकों को ग़लत साबित करने की सलाह अपने पिता अमिताभ बच्चन से मिलती है ।

अभिषेक बच्चन हर शैली की फ़िल्म करना चाहते हैं
अभिषेक अपने क्राफ़्ट को इंप्रूव करने के लिए अपने आलोचकों का सहारा लेते हैं । जब भी कोई क्रिटिक उनके लिए लिखता है तो वह उसे पिन करके अपने पास रख लेते हैं और उसके लिखे हुए को हाईलाइट करके अपने क्राफ़्ट को सुधारने की पूरी कोशिश करते हैं । इंटरव्यू के दौरान जब अभिषेक से पूछा गया की क्या वह अब भी यह करते हैं ? तो इसके जवाब में उन्होंने कहा, “मैं अब भी यह करता हूं । पहले मैं अपने बाथरूम में उसे पिन करके रखता था लेकिन अब मैं आनी स्क्रैप बुक में उसे रख लेता हूं ।”
फ़िल्मों की च्वाइस पर अभिषेक ने कहा, “मुझे लगता है हमें सब कुछ चुनना चाहिए । क्योंकि हर किसी की राय मायने रखती है । आपको हर दर्शक को खुश करना चाहिए ।”
इसी इंटरव्यू के दौरान जब अभिषेक से पूछा गया कि क्या आपको इस तरह की सलाह आपके पिता अमिताभ बच्चन से मिलती है । इस पर अभिषेक ने कहा, “हां, वो मुझे बताते है कि अच्छा काम करके आपने आलोचकों को ग़लत साबित करो । साथ ही वो मुझे बताते है की मुझे कैसे खुद में बदलाव लाने है ।”
वर्क फ़्रंट की बात करें तो अभिषेक जल्द ही अपनी लोकप्रिय वेब सीरिज़, ब्रीद: इनटू द शैडोज़ सीज़न 2 में लीड रोल में नज़र आएँ हैं । अमेज़न ओरिजिनल ब्रीद: इनटू द शैडोज़ सीज़न 2 एक साइकोलॉजिकल थ्रिलर है जिसमें अभिषेक के साथ अमित साध, निथ्या मेनन, नवीन कस्तूरिया, सैयामी खेर और इवाना कौर और नवीन कस्तूरिया अहम किरदार में हैं ।
















