23 दिसंबर को दिल्ली के विज्ञान भवन में 66वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह का आयोजन किया गया जहां सभी घोषित राष्ट्रीय पुरस्कार विजेताओं को राष्ट्रीय पुरस्कार के सम्मान से नवाजा गया । वहीं अमिताभ बच्चन को भी दादा साहब फाल्के पुरस्कार के सम्मान से नवाजे जाने की घोषणा की गई लेकिन अमिताभ बच्चन अपने खराब स्वास्थ्य के कारण इस समारोह में शरीक नहीं हो पाए इसलिए फ़िर उन्हें सम्मान 29 दिसंबर को देने की घोषणा की गई । 29 दिसंबर रविवार के दिन अमिताभ बच्चन इस सम्मान को लेने के लिए अपनी पत्नी जया बच्चन और बेटे अभिषेक बच्चन सहित दिल्ली पहुंचे जहां राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने बिग बी को दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया ।

अमिताभ बच्चन को मिला दादा साहब फाल्के अवॉर्ड, अभिषेक बच्चन ने फ़ैमिली फ़ोटो शेयर कर जताई खुशी

 

अमिताभ बच्चन को मिला दादा साहब फाल्के सम्मान

फिल्म उद्योग में उल्लेखनीय योगदान के लिए 77 वर्षीय अमिताभ को साल 2018 का दादा साहब फाल्के सम्मान मिला है । अपने पिता को मिले इतने बड़े सम्मान के बाद अभिषेक ने सोशल मीडिया पर एक बधाई दी । अभिषेक ने अपने इंस्टाग्राम अपनी मां जया बच्चन और पिता के संग एक और फोटो शेयर की है, जो सोशल मीडिया पर खूब पसंद की जा रही है । इस फ़ोटो में अभिषेक अपने मां और पापा के बीच में बैठे हुए दिख रहे हैं । फोटो में अमिताभ मेडल दिखाते हुए स्माइल कर रहे हैं वहीं जया अभिषेक के कंधे पर सर रखकर हंसती हुई दिख रही हैं ।

अमिताभ बच्चन को मिला दादा साहब फाल्के अवॉर्ड, अभिषेक बच्चन ने फ़ैमिली फ़ोटो शेयर कर जताई खुशी

इसी के साथ अभिषेक ने अमिताभ की एक सिंगल फोटो शेयर करते हुए उन्हें अवार्ड के लिए बधाई देते हुए लिखा, 'मेरे प्रेरणास्रोत । मेरे हीरो । दादा साहब फाल्के पुरस्कार मिलने आपको बधाई । हम सभी को आप पर गर्व है । लव यू ।'

यह भी पढ़ें : बुखार के चलते राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह में शामिल नहीं होने से दुखी हैं अमिताभ बच्चन

वहीं अमिताभ बच्चन ने भी पुरस्कार लेने के बाद सभी का शुक्रिया अदा किया और हंसते हुए यह भी साफ किया कि वह अभी रिटायर नहीं होने जा रहे हैं, अभी उन्हें काम मिल रहा है । अमिताभ ने अपनी विनिंग स्पीच में कहा कि, 'जब इस पुरस्कार की घोषणा हुई तो मेरे मन में एक संदेह उठा कि क्या कहीं ये संकेत है मेरे लिए कि भाई साहब आपने बहुत काम कर लिया है, अब घर बैठ के आराम कीजिए । क्योंकि अभी भी थोड़ा काम बाकी है, जिसे मुझे पूरा करना है और आगे भी कुछ ऐसी संभावनाएं बन रही हैं जहां मुझे काम करने का अवसर मिलेगा, यदि इसकी पुष्टि हो जाए तो बड़ी कृपा होगी ।' इस दौरान बैठे सभी लोग हंस पड़े और तालियों की गड़गड़ाट से सभागार गूंज उठा ।