महामारी बने कोरोना को मात देने के लिए अब पूरा देश एकजुट नजर आ रहा है । कोरोना वायरस के कहर से देश को बचाने के लिए डॉक्टर, नर्सेस, मेडिकल स्टाफ़, सफ़ाई कर्मचारी और पुलिस प्रशासन अपना पूरा जोर लगा रहे हैं । और इसलिए अब इन कोरोना वॉरियर्स की मदद के लिए शाहरुख खान ने एक अहम योगदान दिया है । शाहरुख खान ने महाराष्ट्र के फ्रंटलाइन मेडिकल स्टाफ की सुरक्षा के लिए 25,000 पीपीई किट (Personal protective equipment) बांटे । इसकी जानकारी महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने ट्वीट के जरिए दी है और कहा है कि यह दान हेल्थकेयर वर्कर्स के लिए काफी मददगार साबित होगा ।

‘कोरोना वॉरियर्स’ की मदद के लिए आगे आए शाहरुख खान, मेडिकल स्टाफ की सुरक्षा के लिए बांटी 25 हजार पीपीई किट

शाहरुख खान ने मेडिकल केयर टीम की सुरक्षा के लिए मदद का हाथ बढ़ाया

अपनी नेक दिली के लिए जाने जाने वाले शाहरुख ने अभी कुछ दिन पहले अपनी समूह कंपनियां, आईपीएल टीम कोलकाता नाइटराइडर्स, एंटरटेनमेंट कंपनी रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और रेड चिलीज वीएफएक्स और एनजीओ मीर फाउंडेशन द्दारा कोरोना से निपटने के लिए मदद के लिए हाथ बढ़ाया था । इतना ही नहीं उन्होंने मुंबई में क्‍वारंटीन लोगों के लिए अपना चार मंजिला सुविधायुक्त ऑफ़िस भी बीएमसी को सौंप दिया । और अब शाहरुख ने मेडिकल स्टाफ की सुरक्षा के लिए 25,000 पीपीई किट बांटकर यकीनन अपने फ़ैंस के साथ सभी का दिल जीत लिया है ।

शाहरुख ने जताया आभार

शाहरुख की इस नेक दिली की तारीफ़ करते हुए महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने ट्वीट कर लिखा है, “शाहरुख का बहुत-बहुत शुक्रिया, जिन्होंने 25,000 पीपीई किट का योगदान किया है । कोरोना वायरस से लड़ने में यह हमें दूर तक मदद करेगा और फ्रंटलाइन में खड़े हमारे मेडिकल केयर टीम की सुरक्षा करेगा ।”

राजेश टोपे के इस ट्वीट का आभार जताते हुए शाहरुख ने रिप्लाई किया, “इन किट को मंगाने में आपने जो भी मदद की उसके लिए आपका आभारी हूं सर । इस कोशिश में हम सभी खुद को और इंसानियत को बचाने के लिए एक-दूसरे के साथ हैं । अच्छा लग रहा है कि सेवा का मौका मिला । आपका परिवार और टीम सुरक्षित व स्वास्थ रहे ।”

यह भी पढ़ें : शाहरुख खान ने क्‍वारंटीन लोगों के लिए BMC को दिया अपना पर्सनल ऑफिस जिसमें जरूरत का हर सामान होगा मौजूद, BMC ने शाहरुख-गौरी को कहा ‘थैंक्यू’

बता दें कि राज्य सरकार इस वक्त महामारी के बीच लगातार पीपीई किट, एन95 मास्क, ग्लब्स जैसी कमियों से जूझ रही है ।