शाहरुख खान की लोकप्रियता केवल भारत में ही नहीं बल्कि दुनियाभर में है और इसलिए उन्होंने ग्लोबल सुपरस्टार भी कहा जाता है । और अब शाहरुख खान के नाम पर दुबई में लग्जरी बिल्डिंग बनाई जा रही है । दुबई की एक रियल एस्टेट कंपनी, डेन्यूब प्रॉपर्टीज ने हाल ही में घोषणा की है कि वे शाहरुख के नाम पर एक बिल्डिंग बना रहे हैं जिसका नाम ‘शाहरुख्ज डेन्यूब’ होगा । इतना ही नहीं इसके सामने शाहरुख खान की एक विशाल मूर्ति भी लगाई जाएगी ।

शाहरुख खान के नाम बनेगी बिल्डिंग
डेन्यूब प्रॉपर्टीज के फाउंडर और चेयरमैन रिजवान सनज ने शुक्रवार को एक इवेंट में ‘शाहरुख्ज डेन्यूब’ की घोषणा की । इस मौके पर शाहरुख भी मौजूद थे । शाहरुख ने अपने अंदाज में मेहमानों को एंटरटेन किया और अपनी फिल्म ओम शांति ओम और डॉन के आइकोनिक मोमेंट्स भी किए । इवेंट में फराह खान भी मौजूद थीं ।
मुंबई में हुए इस अनाउंसमेंट इवेंट के दौरान, शाहरुख ने कहा कि अगर उनकी मां यह देखतीं तो उन्हें गर्व होता । शाहरुख ने कहा, “मैं क्या कहूं ? मेरी मां ज़िंदा होती तो बहुत खुश होतीं । मुझे लगता है कि यह बहुत बड़ा सम्मान है, और अब जब भी मैं अपने बच्चों के साथ दुबई जाउंगा, तो मैं उस बिल्डिंग की ओर इशारा करके कहूंगा, ‘देखो पापा की बिल्डिंग है’ । मुझे लगता है कि यह अद्भुत है, और मैं पिछले कुछ महीनों से इस प्रोजेक्ट की बारीकियों को देख रहा हूं, यह सब बहुत सुंदर और अत्याधुनिक है ।”
शाहरुख ने इस बात पर खुशी जताई कि किसी प्रॉपर्टी का नाम उनके नाम पर रखा गया है क्योंकि उनके नाम पर किसी भी चीज का नाम नहीं है । शाहरुख ने बताया, “मैं कभी भी किसी चीज़ का नाम अपने नाम पर नहीं रखता । मेरी कंपनी (रेड चिलीज़ एंटरटेनमेंट) और मेरे घर (मन्नत) का नाम देखिए । मैं खुद को इतना महत्वपूर्ण नहीं समझता कि मैं चीज़ों को लेकर उन पर अपना नाम रख दूं । फ़िल्म को छोड़कर, क्योंकि वह मेरा काम है और मैं उसकी पूजा करता हूं ।”
शाहरुख के नाम पर बन रही बिल्डिंग शाहरुखजडेन्यूब एक कॉमर्शियल टॉवर है, जिसे साल 2029 तक कंप्लीट कर लिया जाएगा । इस प्रोपर्टी की कीमत 4000 करोड़ रुपए के आस-पास बताई जा रही है । यह 56 मंजिला बिल्डिंग करीब 4.5 लाख वर्ग फीट में बनने वाली प्रीमियम ऑफिस स्पेस प्रॉपर्टी होगी । किसी मुस्लिम देश में पहली बार किसी मुस्लिम एक्टर की मूर्ति लगना अपने आप में एक ऐतिहासिक कदम है ।
















