yrfaug01

इस साल की सबसे बड़ी हिट फ़िल्म सुल्तान देने के बाद यशराज फ़िल्म्स सफ़लता के सबसे ऊंचे पायदन पर विराजमान है । सलमान खान और अनुष्का शर्मा अभिनीत फ़िल्म सुल्तान ने बॉक्सऑफ़िस पर सफ़लता के नए-नए झंडे गाड़े और अभी हाल ही में सुल्तान 300 करोड़ क्लब में शामिल हुई है । फ़िल्म को मिली भारी सफ़लता और रियो ओलंपिक से सलमान का नाता, इन दोनों बातों को ध्यान में रखते हुए प्रोडक्शन हाउस यशराज फ़िल्म्स ने रियो ओलंपिक के भारतीय स्वर्ण पदक विजेता को 10 लाख रु का ईनाम देने का फ़ैसला किया है ।

यशराज फिल्म्स ने हाल ही में सलमान खान और अनुष्का शर्मा का एक पोस्टर पेश किया है जिसमें ये दोनों ने पहलवानों की भूमिका निभाई है । फिल्म के निर्माताओं ने सब भारतीय ओलंपिक प्रतिभागियों को स्वर्ण पदक जीतने पर 10 लाख रु देकर इसे यादगार बनाने का फैसला किया है । फ़िल्म सुल्तान में भी एक ऐसे पहलवान की कहानी दिखाई थी जो किसी जमाने में पहलवानी में चैम्पियन था लेकिन किन्हीं हालातों की वजह से उसने पहलवानी छोड़ दी थी लेकिन फ़िर कुछ समय बाद वो पहलवान बना । यशराज फ़िल्म्स रियो ओलंपिक 2016 को सभी भारतीय प्रतिभागियों को प्रेरित करना चाहता है । हमने सुना है कि यशराज फ़िल्म्स का यह प्रयास खिलाड़ियों के प्रयासों और प्रेरणा को बढ़ावा देकर जश्न मनाने का एक तरीका है ।

निर्देशक अली अब्बास ज़फ़र की हालिया रिलीज फ़िल्म सुल्तान 6 जुलाई को सिनेमाघरों में प्रदर्शित हुई थी जिसमें सलमान खान और अनुष्का शर्मा के साथ अमित साध, रणदीप हुड्डा और कई अन्य कलाकार नजर आए थे ।