सलमान खान की पिछली फ़िल्मों के फ्लॉप होने के पीछे उनकी सेट पर पहुँचने में देरी को भी बताया गया है । सेट पर लेट-लतीफ होने और अनियमित शूटिंग शेड्यूल की चर्चाओं के बाद सलमान खान ने अपने काम करने के तरीके में बदलाव करने का फ़ैसला किया । और इसकी शुरुआत उन्होंने अपनी नेक्स्ट फ़िल्म बैटल ऑफ गलवान से की ।

सलमान खान का नया शेड्यूल फार्मूला
यह कहा जा रहा था कि अभिनेता अब अपनी कार्यशैली में सुधार ला रहे हैं। लेकिन अपूर्व लखिया से जुड़े एक करीबी सूत्र का कहना है कि ऐसा पूरी तरह सही नहीं है। सूत्र के अनुसार, सलमान ने अपना टाइमिंग बदलने के बजाय टाइमिंग को लेकर अपना तरीका बदला है। जब सलमान ने बैटल ऑफ गलवान की शूटिंग शुरू की, तो उन्होंने अपूर्व लखिया से साफ कहा,“देखो भाई, मैं अपना वर्क रिद्म नहीं बदल सकता। लेकिन मैं तुम्हें रोज़ बताऊंगा कि मैं किस टाइम सेट पर पहुँचूंगा । अगर मैं कहूँ कि 6 बजे आऊंगा, तो मैं 6 बजे ही आऊंगा। लेकिन अगर मैं 6 बजे कहूँ और तुम 9 बजे टीम लेकर पहुँच जाओ, तो वो बेवकूफ़ी होगी।”
इसके बाद अपूर्व लखिया ने फिल्म की शूटिंग टाइमिंग सलमान के आने के टाइम के अनुसार एडजस्ट कर दी है।
चूँकि बैटल ऑफ गलवान सलमान का होम प्रोडक्शन है, इसलिए अभिनेता इस प्रोजेक्ट पर खास ध्यान दे रहे हैं। सूत्र के मुताबिक, “सलमान कैमरे के पीछे से कई महत्वपूर्ण फैसलों में सक्रिय रूप से शामिल हैं। वह एडिटिंग रूम में भी लगातार मौजूद रहते हैं। इतना ही नहीं, उम्मीद है कि उन्हें फिल्म में को-एडिटर के तौर पर भी क्रेडिट दिया जा सकता है।”
















