
ब्रेक-अप के बाद भले ही कैटरीना कैफ़ और सलमान खान फ़िर से करीब आ गए हों लेकिन अब कुछ ऐसा होने वाला है कि सलमान-कैटरीना की ये दोस्ती मुश्किल में पड़ सकती है । जहां एक तरफ़ कैटरीना की आगामी फ़िल्म बार बर देखो 9 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही हैं वहीं दूसरी तरफ़ सलमान खान ने अभी कुछ ही हफ़्ते पहले अपने भाई की फ़िल्म फ़्रीकी अली की घोषणा की, जो की 9 सितंबर को ही सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है ।
करीबी सूत्र के मुताबिक ये एक इत्तेफ़ाक है और कुछ नहीं । कैटरीना की फ़िल्म 9 सितंबर को रिलीज होने को पहले से ही तैयार थी ऐसे में सलमान खान के भाई की फ़िल्म का आना महज एक इत्तेफ़ाक है । फ़्रीकी अली का अचानक खबरों में आना, सब को हैरान कर गया ।
दरअसल फ़्रीकी अली के मेकर्स इस फ़िल्म को बकरा ईद यानी 12 सितंबर को रिलीज करने वाले थे , जो कि लंबा वीकेंड हैं । लेकिन ऐसा हो न सका और फ़िर फ़िल्म की रिलीज डेट 9 सितंबर रखी गई ।
इसके अलावा सलमान खान के लिए ईद का दिन हमेशा स्पेशल होता है । अभी कुछ दिन पहले ही ईद के दिन सलमान खान की फ़िल्म सुल्तान रिलीज हुई जिसने बॉक्सऑफ़िस पर सफ़लता के झंडे गाड़ा दिए और ये फ़िल्म हाल ही में 300 करोड़ क्लब में शामिल भी हो गई । और अब सलमान खान के भाई सोहेल खान,जो फ़्रीकी अली के निर्देशक और निर्माता दोनों है, के लिए ईद का दिन खास होने वाला है । इस फ़िल्म में अरबाज खान नजर आएंगे । फ़िल्म में नवाज़ुद्दीन सिद्दीक़ी, जिसने बजरंगी भाईजान और किक में सलमान खान के साथ बेहतरीन अदाकारी का परिचय दिया, लीड रोल में हैं । कहा जा रहा है कि खान ब्रदर्स इस फ़िल्म को बड़े पैमाने पर प्रमोट करेंगे ।
हालांकि बार बार देखो और फ़्रीकी अली , दोनों ही फ़िल्में अलग-अलग तरह की फ़िल्में है जिसका एक-दूसरे से कोई मुकाबला नहीं है ।
बार बार देखो एक रोमांटिक फ़िल्म है जिसमें कैटरीना कैफ़ के साथ सिद्धार्थ मल्होत्रा नजर आएंगे । वहीं दूसरी तरफ़ फ़्रीकी अली खेल पर आधारित फ़िल्म है जो गोल्फ़ के इर्द-गिर्द घूमती है । दोनों ही फ़िल्में अपने-अपने पैमाने पर काफी हद तक अपनी जगह बनाएंगी । एक ट्रेड गुरु के मुताबिक बार बार देखो ज्यादा से ज्यादा दर्शकों की भीड़ थिएटर तक खीचेंगी बजाए फ़्रीकी अली के ।
















