पिछले कुछ दिनों से हिंदी सिनेमा के मशहूर अभिनेता दिलीप कुमार के स्वास्थ्य को लेकर हर कोई चिंताग्रस्त है । बीते दिनों दिलीप कुमार को उनकी बिगड़ते स्वास्थ्य के चलते मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन उनकी सेहत में सुधार होता देख उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई और अब घर पर उनकी अभिनेत्री पत्नी सायरा बानो उनकी देखभाल कर रही है । 94 वर्षीय अभिनेता दिलीप कुमार के स्वास्थ्य का हाल-चाल लेने के लिए कई सारी हस्तियां उनके घर पर पहुंच रही है । अभी कुछ दिन दिलीप कुमार के मुंह बोले बेटे शाहरुख खान उनसे मिलने उनके घर पहुंचे और अब ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा ने दिलीप कुमार से मुलाकात की ।

प्रियंका चोपड़ा इन दिनों हॉलीवुड प्रोजेक्ट्स में इतनी बिजी हैं, कि वह मुंबई सिर्फ कुछ दिनों के लिए ही आती हैं । पिछले कुछ दिनों से वह मुंबई में ही थीं और जब वह वापस अमेरिका जा रही हैं, तो इससे पहले उन्होंने दिलीप कुमार से मुलाकात की । कल, 4 सितंबर को प्रियंका चोपड़ा दिलीप कुमार से उनके हाल-चाल जानने के लिए उनके घर पहुंची, इस दौरान दिलीप कुमार के साथ उनकी पत्नी सायरा बानो भी थी । आपको बता दें कि प्रियंका की दिलीप कुमार से हुई इस मुलाकात की तस्वीरें दिलीप कुमार के ट्विटर हैंडल से पोस्ट की गई है जिसे उनके फ़ैमिली फ़्रेंड फ़ैजल फ़ारुखी संभालते है । इन तस्वीरों में प्रियंका दिलीप कुमार के साथ बैठी हुई नजर आ रही है जबकी अन्य तस्वीर में वह उन्हें माथे पर चूमती हुई नजर आ रही है । इस फ़ोटो को पोस्ट करते हुए लिखा, “@priyankachopra spent the evening with Saab and Saira Baji. Saab’s health much better.” इसके जवाब में प्रियंका ने दिलीप कुमार से हुई अपनी मुलाकात को लेकर अपनी खुशी जाहिर करते हुए लिखा, “It was lovely seeing both of you. Thank you and so good to see Saab much better. Much love. @TheDilipKumar”

आपको बता दें कि प्रियंका चोपड़ा की पिछली हिंदी फ़िल्म जय गंगाजल थी, जो मार्च 2016 में रिलीज हुई थी । प्रियंका चोपड़ा जल्द ही अपनी आगामी हॉलीवुड फ़िल्म इजंट इट रोमांटिक में नजर आएंगी । इस फ़िल्म में वे रिबेल विल्सन, लिआम हेम्सवर्थ, एडम डिवाइन जैसे कलाकारों के साथ नजर आएंगी । यह एक रोमांटिक कॉमेडी फिल्म है । टोड स्ट्रॉस-स्कुलसन द्दारा निर्देशित यह फ़िल्म 14 फ़रवरी 2019 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी । इसके अलावा, प्रियंका जल्द ही अपने क्राइमा ड्रामा सीरिज टीवी शो क्वांटिको के तीसरे सीजन की शूटिंग शुरू करेंगी । प्रियंका की दूसरी हॉलीवुड फ़िल्म ए किड लाइक जेक है । यह फ़िल्म अगले साल सिनेमाघरों में रिलीज होगी । इस फ़िल्म में जिम पार्सन्स, क्लेयर डेन्स और ओक्केविया स्पेन्सर अहम भूमिका में नजर आएंगे । इस फ़िल्म में प्रियंका सिंगल मदर का किरदार अदा करेंगी ।