
हाल ही में, आलिया भट्ट सिंगापुर से अपनी आगामी फ़िल्म बद्रीनाथ की दुल्हनिया की शूंटिंग खत्म कर लौटी हैं । कुछ घंटे आराम करने के बाद आलिया भट्ट बच्चों के साथ बाल दिवस मनाने के लिए काम पर लौट आईं ।
सोमवार के दिन, आलिया भट्ट ने एक गैर सरकारी संगठन एकॉर्न फाउंडेशन द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में शिरकत की । ये एनजीओ धारावी में कूड़ा उठाने वालों के बच्चों के जीवन को सुधारने के लिए काम करती है । आलिया ने इस कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे बच्चों के साथ अपने स्कूल के साथ जुड़ी हुई यादें शेयर की । चुलबुली और जोश से भरी आलिया धारावी रॉक्स की धुनों पर खुद को थिरकने से रोक नहीं पाईं और जमकर डांस किया । आलिया ने बच्चों के साथ भी खूब डांस किया । आलिया ने माना कि ये उनकी जिंदगी का सबसे अच्छा समय था ।
गौरतलब है कि, आलिया भट्ट इन दिनों अपनी आगामी फ़िल्म डियर जिंदगी के प्रमोशन में जुटी हुईं हैं । गौरी शिंदे की फ़िल्म डियर जिंदगी में आलिया के साथ शाहरुख खान भी नजर आएंगे । यह फ़िल्म 25 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।
















