ॠतिक रोशन और टाइगर श्रॉफ़ की एक्शन ड्रामा फ़िल्म वॉर के लिए लोगों का उत्साह हर पल बढ़ता ही जा रहा है । क्योंकि पहली बार इस फ़िल्म में ॠतिक रोशन और टाइगर श्रॉफ़ एक साथ दिखाई देंगे वो भी अपने एक्शन अवतार में । इस फ़िल्म में वैसे तो ॠतिक रोशन और टाइगर श्रॉफ़ के बीच गुरू-चेले का रिश्ता होगा लेकिन बदलते हालात में दोनों एक-दूसरे के जान के दुश्मन बनते दिखाई देते हैं । जैसा कि ट्रेलर में देखने को मिलता है । वॉर में ॠतिक और टाइगर के बीच खतरनाक जंग दिखाई जाएगी ।

वॉर में ॠतिक रोशन के एक्शन को देख दांतों तले उंगुली दबा लेंगे लोग
मेकर्स ने फ़िल्म में एक्शन को लेकर कोई कमी नहीं छोड़ी है । फ़िल्म में दर्शकों को हॉलिवुड स्टाइल के एक्शन सीन देखने को मिले इसके लिए उन्होंने हॉलीवुड के चार बड़े एक्शन डायरेक्टर को एक्शन कॉरियोग्राफ़ के लिए चुना । वहीं ॠतिक और टाइगर ने भी अपने एक्शन को अंजाम देने में कोई कमी नहीं छोड़ी है । खबरों के मुताबिक, ॠतिक ने एक खतरनाक एक्शन सीन करने के लिए बॉडी डबल का इस्तेमाल नहीं किया बल्कि खुद ही 300 फ़ुट की ऊंचाई से छलांग लगाई ।
ॠतिक के साथ पोर्टो, पुर्तगाल के एक पुल पर वॉर फिल्म की शूटिंग होनी थी । यहां से ऋतिक के पुल से कूदने का सीन फिल्माया जाने वाला था । फिल्म के निर्देशक सिद्धार्थ आनंद ने इसे फिल्माने के लिए ऋतिक के बॉडी डबल को सेट पर बुला रखा था, लेकिन प्रत्यक्षदर्शी बताते हैं कि मौके पर पहुंचे ऋतिक ने ये स्टंट खुद करने का फैसला किया । तमाम मना करने पर भी ऋतिक माने नहीं और सारी तैयारी करने के बाद एक्शन की आवाज सुनते ही उन्होंने 300 फ़ुट की ऊंचाई से छलांग मार दी ।
यह भी पढ़ें : War: ऋतिक रोशन और टाइगर श्रॉफ की घमासान 'वॉर' इतनी लंबी चलेगी
सिद्धार्थ ने बताया, पोर्टो में हम पीछा करने का सीन शूट कर रहे थे जिसके लिए ऋतिक के डुप्लीकेट को एक ब्रिज से कूदना था । इस सीन के प्रति ऋतिक ने अपना पूरा समर्पण दिखाया । और, खुद पुल से कूद गए । वह एक ऐसे एक्टर हैं जो दर्शकों को हर बार कुछ नया देने के लिए उत्सुक होते हैं । उनके साथ काम करने का अनुभव हमेशा शानदार होता है । यह एक शानदार एक्शन स्टंट होगा जिसे देख दर्शक दांतों तले उंगलियां दबा लेंगे ।
















