कार्तिक आर्यन इन दिनों अपनी आगामी फ़िल्म धमाका का प्रमोशन करने में बिजी हैं । इस फ़िल्म में कार्तिक आर्यन पहली बार अपनी इमेज से अलग गंभीर रोल अदा करते हुए नजर आएंगे । यह फ़िल्म डायरेक्ट नेटफ़्लिक्स पर रिलीज होगी । धमाका के प्रमोशन के सिलसिले में कार्तिक आर्यन हाल ही में मृणाल ठाकुर के साथ कपिल शर्मा के लोकप्रिय शो, द कपिल शर्मा शो में पहुंचे । शो के दौरान कपिल ने कार्तिक की टांग खींचते हुए कहा कि उन्होंने अक्षय कुमार की फ़िल्म छीन ली ।

कपिल शर्मा ने कार्तिक आर्यन के साथ की मस्ती
शो के दौरान कपिल ने अक्षय कुमार का नाम लेकर कार्तिक से कहा उन्होंने अक्षय से उनकी फ़िल्म छीन ली । रिलीज हुए प्रोमो में कपिल कार्तिक से कहते हैं, ‘अक्षय पाजी का तो आपको पता है, उन्होंने काम छीनने में तीन साल की डिग्री कोर्स की हुई है । कार्तिक एक ऐसे शख्स हैं जिन्होंने अक्षय से उनकी फिल्म छिनी है ।’
बता दें कि कार्तिक जल्द ही भूल भुलैया 2 में लीड रोल निभाते हुए नजर आएंगे । इस फ़िल्म के पहले भाग भूल भुलैया में अक्षय कुमार ने लीड रोल निभाया था ।
इसी के साथ शो के दौरान कपिल ने कार्तिक से यह भी कहा, ‘किस किसको प्यार करुं, में मेरी कई बीवियां होती है फिर कार्तिक ने पति पत्नी और वो की, इसके बाद मैंने नेटफ्लिक्स का शो किया फिर कार्तिक ने नेटफ्लिक्स की फिल्म की ।’ कपिल अपनी बात आगे बढ़ाते हुए कहते हैं, ‘आपने सोच रखा है कि सिर्फ टॉप सेलिब्रिटीज को ही फॉलो करेंगे ?’ कपिल के मुंह से ये बात सुनते ही कार्तिक जोर से ठहाका मारकर हंसते हैं।
















