बॉलीवुड में नेपोटिज्म का मुद्दा हमेशा सु्र्खियों में बना रहता है । स्टार किड्स को जहां आसानी से फ़िल्मों में ब्रेक मिल जाता है वहीं नॉन फ़िल्मी बैकग्राउंड से आने वाले लोगों को फ़िल्मों में अपने पहले ब्रेक के लिए काफ़ी संघर्ष करना पड़ता है । इसी मुद्दे को हाईलाइट करते हुए सिद्धांत चतुर्वेदी ने एक बार एक इंटरव्यू के दौरान स्टार किड्स के बारें में कहा था कि ‘जहां हमारे सपने पूरे होते हैं वहां इनका स्ट्रगल शुरू होता है ।’ इस इंटरव्यू में गली बॉय फ़ेम सिद्धांत चतुर्वेदी के साथ अनन्या पांडे भी मौजूद थी । सिद्धांत के इस बयान ने हालांकि इंटरनेट पर धूम मचा दी थी लेकिन अभिनेत्री अनन्या पांडे को ट्रोल्स का सामना करना पड़ा था । और अब सिद्धांत चतुर्वेदी ने बॉलीवुड हंगामा के साथ हुई एक्सक्लूसिव बातचीत में अनन्या पांडे के बॉलीवुड संघर्ष पर खुलकर बात की है ।

EXCLUSIVE:  अनन्या पांडे के ‘बॉलीवुड स्ट्रगल’ पर बंटी और बबली 2 स्टार सिद्धांत चतुर्वेदी ने दिया इंटरनेट ब्रेकिंग रिएक्शन

सिद्धांत चतुर्वेदी और अनन्या पांडे

सिद्धांत जल्द ही रानी मुखर्जी और सैफ़ अली खान के साथ बंटी और बबली 2 में लीड रोल निभाते हुए नजर आएंगे । इस फ़िल्म में सिद्धांत के अपोजिट शरवरी वाघ नजर आएंगी । बंटी और बबली 2 के प्रमोशन के दौरान सिद्धांत ने बॉलीवुड हंगामा के साथ एक्सक्लूसिव बातचीत की जिसमें उन्होंने एक बार फ़िर अनन्या के संघर्ष पर दिलचस्प जवाब दिया ।

इंटरव्यू के दौरान जब सिद्धांत से पूछा गया कि उन्हें किस बॉलीवुड स्टार की कौनसी खूबी आकर्षित करती है । इसके जवाब में सिद्धांत ने कहा, “दीपिका पादुकोण की सादगी और रणवीर सिंह की गैर-सादगी । सैफ अली खान का ज्ञान ।” और जब अनन्या पांडे की खूबी के बारें में पूछा गया तो उन्होंने पहले तो थोड़ा समय लिया और फ़िर कहा, “उनके संघर्ष कौशल की कमी ।”

वर्क फ़्रंट की बात करें तो रानी मुखर्जी, सैफ़ अली खान , सिद्धांत और शरवरी की बंटी और बबली 2 थिएटर में 19 नवंबर को रिलीज होगी । इसके अलावा सिद्धांत और अनन्या पांडे जल्द ही खो गए हम कहां में एक साथ नजर आएंगे । यह फिल्म मुंबई शहर में तीन दोस्तों के इर्द-गिर्द घूमती है। जोया अख्तर, अर्जुन वरेन सिंह, रीमा कागती द्वारा लिखित, जोया अख्तर, रीमा कागती, रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर द्वारा निर्मित यह फिल्म अर्जुन वरेन सिंह के निर्देशन में बनी पहली फिल्म होगी।