तमिलनाडू के भूतपूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय एम जी रामचंद्रन उर्फ़ एम जी आर की 103वें जन्मदिवस के अवसर पर थलाइवी से उनका फर्स्ट लुक, जिसे अरविंद स्वामी निभा रहे हैं, जारी किया गया है । तमिल सिनेमा के सुपर स्टार अरविंद स्वामी फिल्म में एम जी आर की भूमिका में नजर आने वाले हैं और उनका फर्स्ट लुक जारी कर दिया गया है । अरविंद स्वामी इसमें काफी प्रोमेसिंग नजर आ रहे हैं । लोग अरविंद स्वामी को पहचान भी नहीं पा रहे हैं । कुछ समय पहले फिल्म से कंगना रनौत के जयललिता लुक को जारी किया गया था, जिसे दर्शकों ने बेहद पसंद किया था और उनके लुक की काफी चर्चा हुई थी ।

अरविंद स्वामी ने अपने फ़र्स्ट लुक से किया इंप्रेस
एम जी आर की भव्य जिंदगी, उनकी जिंदगी के ऊंचाई और उनकी जिंदगी की उपलब्धियों को फिल्म में दर्शाया जाएगा । एम जी आर ने बतौर अभिनेता ही नहीं, एक नेता के रूप में भी विराट सफलता हासिल की है। ऐसे में फिल्म के निर्माता विष्णु वर्धन इंदूरी और शैलेश आर सिंह ने अरविन्द स्वामी जो कि थलाइवी में मुख्य किरदार निभाने जा रहे हैं, उनका फर्स्ट लुक जारी करते हुए कहा है कि उनकी तरफ से यह एम जी आर को ट्रिब्यूट है, एक ऐसी शख्सियत को श्रद्धांजलि है, जिन्होंने अपनी अमिट छाप छोड़ी है, यह आने वाले समय में भारत के बहुप्रतीक्षित बायोपिक फिल्मों में से एक फिल्म होगी ।
फिल्म के निर्देशक विजय का इस बारे में कहना है कि, '' जैसा कि हमने पहले भी कहा है कि मेरे लिए यह बड़ी उपलब्धि है कि मुझे थलाइवी जैसी फिल्म करने का मौका मिल रहा है । ऐसे लेजेंड्स पर फिल्म बनाना, जिन्होंने तमिलनाडू की राजनीति में और राज्य के दिशा और दशा को मुख्य रूप से प्रभावित किया, सौभाग्य की बात है ।
इस फिल्म की खासियत है कि फिल्म में जो कास्टिंग की गई है, वह अद्भुत है, कलाकारों के ऐसे विशाल किरदार में दर्शाना आसान बात नहीं थी । खासतौर से कंगना रनौत जिन्हें हमने मुख्यमंत्री रह चुकीं जयललिता के किरदार में चुना है, उनके बाद हमें किसी ऐसे कलाकार को ही एम जी आर के किरदार के लिए चुनना था, जो किरदार के साथ न्याय कर पाए । ऐसे में अंतत : हमें अरविन्द ही इस रोल के लिए परफेक्ट लगे ।

सीधे शब्दों में कहें तो हम इस विशाल किरदार की जिंदगी को बेहतरीन विधाओं के साथ परदे पर उतराने जा रहे हैं । अरविन्द के बारे में यह जरूर बताना चाहूंगा कि हमने उन्हें अपना रिसर्च दिया था, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने इस किरदार में ढलने के लिए काफी मेहनत की है, अपनी काफी ऊर्जा लगाई है, ताकि वह किरदार की गहराई को समझ सकें । यकीनन एम जी आर आज भी चहेते लीडर्स में से एक हैं, जिन्हें भारत रत्न जैसे सम्मान से भी सम्मानित किया जा चुका है । सो, यह हमारे लिए बड़ी जिम्मेदारी की बात है कि हम उनकी जिंदगी को बखूबी परदे पर दिखा पाएं।
बता दें कि फिल्म जयललिता की जिंदगी के कई अहम पन्नों को दर्शाएगी और कंगना रनौत इस किरदार के लिए परफेक्ट चॉइस हैं । जयललिता के स्टारडम और उनकी जिंदगी में एम जी आर की क्या भूमिका रही है, यह बात जगजाहिर है । ऐसे में किसी भी ऐसे एक्टर को कास्ट करना जो कि किरदार में फिट न बैठे सही नहीं था । यही वजह है कि अरविंद स्वामी का चुनाव किया गया है। अरविंद ने रोजा और बॉमबे जैसी फिल्मों में अभिनय से दर्शकों का दिल जीता है। तमिल सिनेमा में अब भी वह बेहतरीन फिल्मों में अभिनय कर रहे हैं। थालावी से एक बार फिर से वह हिंदी सिनेमा में एंटर करेंगे।
थलाइवी, एक बहुभाषी फ़िल्म है जो जयललिता के जीवन पर आधारित है । इस फिल्म को विष्णु वर्धन इंदुरी और शैलेश आर द्वारा प्रोड्यूस किया जा रहा है । ये फिल्म 26 जून 2020 को रिलीज होगी ।
















