फ़िल्मों में अपने शानदार अभिनय के लिए जानी जाने वाली कंगना रनौत जल्द ही अपनी आगामी फ़िल्म थलाइवी, जो कि हिंदी में जया है, में तमिलनाडु की दिवगंत मुख्यमंत्री जयललिता का किरदार निभाते हुए नजर आएंगी । और आज इस फ़िल्म से कंगना रनौत का फ़र्स्ट लुक रिलीज हो गया है जिसमें कंगना हू-ब-हू जयललिता के लुक में नजर आ रही हैं । इस फ़िल्म का निर्देशन दक्षिण के जाने-माने डायरेक्टर ए.एल विजय कर रहे हैं ।THALAIVI FIRST LOOK: ‘जयललिता’ के रूप में कंगना रनौत का ट्रांसफ़ोरमेशन चौंका देगा, अगले साल इस दिन रिलीज होगी जयललिता बायोपिक-थलाइवी

थलाइवी में  कंगना रनौत बनी जयललिता

फ़र्स्ट लुक के साथ इसका एक टीजर भी शेयर किया गया है । जिसके कैप्शन में लिखा है, 'एक सुपरस्टार एक्ट्रेस, एक क्रांतिकारी नायक और अब उनकी कहानी देखने का समय आ गया है ।'

फ़र्स्ट लुक की बात करें तो इसमें कंगना ग्रीन कलर की ड्रेस में विक्ट्री का पोज देते हुए नजर आ रही हैं। बता दें कि इस फ़िल्म में जयललिता के उस दौर को भी दिखाया गया है, जब वो फिल्मों में काम किया करती थीं ।

जयललिता की बायोपिक थलाइवी में तमिल सुपरस्टार और पूर्व मुख्यमंत्री एमजी रामचंद्रन की भूमिका अरविंद स्वामी निभाएंगे । खबरों की मानें तो एमजीआर और जयललिता ने 28 हिट फिल्मों में साथ काम किया था । कंगना जल्द ही जयललिता के किरदार के लिए तमिल सीखने की भी कोशिश करेंगी । इस फिल्म की शूटिंग मैसूर में शुरू होगी । इसके बाद चेन्नई और फिर मुंबई में इस फिल्म की शूटिंग होगी । ये फिल्म हिंदी के साथ तमिल और तेलुगू में भी रिलीज की जाएगी ।

थलाइवी, एक बहुभाषी फ़िल्म है जो जयललिता के जीवन पर आधारित है । इस फिल्म को विष्णु वर्धन इंदुरी और शैलेश आर द्वारा प्रोड्यूस किया जा रहा है । ये फिल्म 26 जून 2020 को रिलीज होगी ।