
कई अभिनेत्रियां जहां अवसाद और यौन उत्पीड़न जैसे वर्जित और महत्वपूर्ण मुद्दों पर जागरूकता फैलाती है वहीं सनी लियोन, जो न केवल बॉलीवुड में लोकप्रिय सेलिब्रिटी हैं बल्कि इंटरनेट पर भी नंबर वन है, ने साइबर बुलिंग पर अपनी आवाज बुलंद करने का फ़ैसला किया । अभिनेत्री, जो मानती हैं कि इस विषय के बारे में जागरूकता, किशोर लड़कियों और लड़कों के लिए महत्वपूर्ण है, जो इसका आसानी से शिकार हो जाते है, ने हाल ही में इस मुद्दे को संबोधित करते हुए अपने व्यक्तिगत अनुभव को भी सभी के साथ शेयर किया ।
सनी लियोनी ने अपने साथ हुआ ऐसा ही एक खौफनाक अनुभव को याद करते हुए बताया, जब उन्हें सोशल मीडिया पर एक निश्चित समूह ने धमकी दी थी, और जिसके कारण वह बहुत डर गई थी । सनी ने बताया कि कैसे कुछ लोगों ने उनके घर के बाहर आकर हल्ला करना शुरू कर दिया। सनी ने कहा, 'मुझे किसी ने धमकी दी। उसने कहा कि वो मेरे घर आकर मुझे नुकसान पहुंचाएगा ।' जब उनके साथ ये सब हुआ तो वो घर में अकेल थीं । 'डेनियल उस वक्त देश में नहीं थे । मैं अकेली थी और काफी डर गई थी । मेरे घर के बाहर लोग आ गए थे । वो बहुत शोर कर रहे थे, दरवाजा पीट रहे थे ।' सनी ने आगे कहा कि वो इतनी डरी हुई थीं कि दरवाजे तक जाने में भी डर रहीं थीं । उन्होंने एक चाकू लिया और धीरे-धीरे दरवाजे की तरफ बढ़ने लगीं ।
सनी ने आगे कहा कि ऐसी घटना उनके साथ एक बार नहीं, बल्कि दो बार हुआ है। एक ट्विटर यूजर, जिसकी काफी ज्यादा फैन फॉलोइंग थी, उसने सनी को धमकी दी कि उसके फैन सनी के घर आकर हल्ला बोल देंगे। इन धमकियों ने सनी को इतना डरा दिया कि उन्हें अपने घर के बाहर कैमरा लगाने पड़े । इतना ही नहीं, धमकियों के कारण सनी ने अपना घर तक बदल लिया । अब सनी इस साइबर बुलिंग के खिलाफ एक एनजीओ के साथ मिलकर काम कर रही हैं ।
युवा लड़कियों और लड़कों को इंटरनेट के इस तरह के नकारात्मक उपयोग से दूर रहने की चेतावनी देते हुए अभिनेत्री ने साइबर धमकाने के दुष्प्रभावों के बारे में बात भी की जिसमें निराशा और आत्महत्या की प्रवृत्ति शामिल है । उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य इस मुद्दे पर जागरूकता फैलाना और उन लोगों की सहायता करना है जो इस तरह की बदमाशी से निपटने के लिए सक्षम नहीं हैं । इसी के साथ उन्होंने लोगों को ब्लू व्हेल चैलेंज जैसे खेलों से दूर रहने का भी आग्रह किया जो कई किशोरों की मौत का कारण बन रहा है ।
फ़िल्मों की बात करें तो, सनी लियोन हाल ही में अपनी आगामी फ़िल्म तेरा इंतजार के ट्रेलर लॉंच के दौरान अपने को-स्टार अरबाज खान के साथ नजर आई । यह फ़िल्म 24 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।
















