बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री श्रीदेवी अब इस दुनिया में नहीं रहीं, इस बात पर यकीन करना मुश्किल हो रहा है । महज 54 साल कि उम्र में दिल का दौरा पड़ने से श्रीदेवी का निधन हो गया । अभिनेत्री अपनी मौत से कुछ देर पहले अपने पति बोनी कपूर के साथ डिनर डेट पर जाने वाली थी, लेकिन अचानक आया दिल का दौरा उन्हें हमेशा के लिए सुला गया । श्रीदेवी अपने पीछे अपने परिवार को रोता छोड़ गई और करोड़ों फ़ैंस को गमगीन कर गया ।

अपने परिवार के लिए सुंदर दिखना चाहती थीं श्रीदेवी
श्रीदेवी का ऑरा अपने आप में बहुत खास था । यदि उनके पिछले इंटरव्यू पर गौर करें तो, पाएंगे कि, वह जितनी बेहतरीन अदाकारा थी उतनी ही शानदार फ़ैशन दिवा थी । यहां हम आपको कुछ साल पहले श्रीदेवी के वर्व मैगजीन को दिए एक इंटरव्यू की कुछ बाइट्स बतला रहे है जो उनकी लाइफ़ के एक फ़ैशनिस्टा पहलू को दर्शाता है ।
अपनी स्टाइल और अपने व्यक्तिगत विकास के बारे में बात करते हुए अभिनेत्री ने मैगजीन से कबूला था कि, वह अपने पति और अपनी बेटियों के लिए अच्छे से तैयार होती है । उन्होंने कहा, ''वे मुझे सुंदर देखकर बहुत खुश होते हैं । मैं निश्चितरूप से उनके लिए और खुद के लिए तैयार होती हूं । हर औरत खुश होती है जब वो अच्छी दिखती है । महिलाओं के रूप में यह बहुत महत्वपूर्ण है कि, हमें जीवन में कभी यह नहीं सोचना चाहिए या महसूस करना चाहिए कि हमारा समय गया ।''
जाह्नवी ने कहा वजन कम करने के लिए
उन्होंने यह भी कहा कि, उन्होंने अपनी पूरी जिंदगी वर्क आउट किया है और वजन बढ़ाने के बारे में सख्त थी । एक टीवी चैनल को दिए एक इंटरव्यू में इंग्लिश विंग्लिश स्टार ने कहा कि दूसरी बेटी खुशी के जन्म के बाद उनका वजन काफ़ी बढ़ गया था । तब उनकी बड़ी बेटी जाह्नवी कपूर आईं और उन्होंने मुझे वजन कम करने के लिए कहा ।
अभिनेत्री ने यह भी खुलासा किया कि, वह अपनी दोनों बेटियों जाह्नवी और खुशी के साथ में वर्क आउट करती है । फ़िटनेस के लिए प्यार उन्हें विरासत में मिला लेकिन उनके पति बोनी कपूर फ़िटनेस के लिए इतने फ़िक्रमंद नहीं रहे ।
इस बारें में उन्होंने कहा, ''मैंने काफ़ी समय से काम करती आ रही हूं । और अब जब मैं बूढ़ी हो रहीं हूं तो मुझे अच्छा दिखने के लिए और कठिन काम करना पड़ेगा । मैं इसके लिए खुशी से तैयार हूं । सौभाग्य से मेरी बेटियां भी स्वास्थ्य को लेकर काफ़ी सजग है । हम एक साथ साइकिलिंग और सैर पर जाते हैं, खासकर जब हम विदेश में होते है । मुझे वर्क आउट करने में बहुत मजा आता है । और उस दौरान बोनी जी घर पर बैठकर बिरायानी का मजा लेते है । मैं अभी भी उन्हें बदलने के लिए कोशिश कर रही हूं । लेकिन मैं हार नहीं मानूंगी ।''
यह भी पढ़ें : ‘ख्वाबों की शहजादी’ श्रीदेवी की मौत के ये आखिरी लम्हे आपको हिला कर रख देंगे
खबरों के अनुसार, श्रीदेवी का पार्थिव शरीर आज मुंबई पहुंच जाएगा । और आज ही उनका दाह संस्कार भी सम्पन्न हो जाएगा । बॉलीवुड और दक्षिण फ़िल्म इंडस्ट्री उन्हें नम आंखों से विदाई देने के लिए उनके निवास स्थान पहुंच चुकी है ।
















