54 वर्षीय बॉलीवुड अभिनेता इरफान खान ने बुधवार 29 अप्रैल 2020 को इस दुनिया को अलविदा कह दिया । इरफान पिछले काफी वक्त से बीमार चल रहे थे । विदेश में काफी वक्त तक न्यूइंडोक्राइन ट्यूमर का इलाज कराने के बाद मुंबई लौटे इरफान पेट की समस्या (Colon infection) से जूझ रहे थे जिसके चलते हाल ही में उन्हें मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती कराया गया था । इरफान खान ने मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में आखिरी सांसे ली । इस दौरान उनका पूरा परिवार उनके साथ मौजूद था । इरफान के आक्स्मिक निधन से पूरे बॉलीवुड जगत में शोक की लहर है । सलमान खान ने भी इरफ़ान को याद करते हुए उन्हें नम आंखों से श्रद्धांजली अर्पित की । सलमान खान ने इरफ़ान खान के साथ अपनी एक पुरानी तस्वीर को शेयर कर श्रंद्धाजली दी ।

सलमान खान ने इरफान खान को नम आंखों से याद करते हुए कहा, ‘आप हमेशा याद किए जाएंगे’

सलमान खान ने किया इरफान खान को याद

सलमान ने इरफ़ान के साथ एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, 'फिल्‍म इंडस्‍ट्री को, उनके फैंस, हम सब और खासतौर पर उनकी फैमिली को बड़ा नुकसान । मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ । ईश्‍वर उन्‍हें शक्‍ति दे । भाई की आत्‍मा को शांति मिले । आप हमेशा याद किए जाएंगे और हमारे दिलों में रहेंगे ।'

इरफ़ान के निधन से हर कोई दुखी है । सोशल मीडिया पर फैंस और सिलेब्‍स अपनी संवेदनाएं जाहिर कर रहे हैं । अमिताभ बच्‍चन से लेकर शाहरुख तक ने इरफान के जाने को भारी नुकसान बताया है।

यह भी पढ़ें : मुंबई में हुआ इरफान खान का अंतिम संस्कार, अंतिम यात्रा में शामिल हो पाए चंद लोग

बॉलीवुड में इरफ़ान ने कई बेहतरीन फ़िल्में दी जिसमें शामिल हैं- मकबूल, द लंच बॉक्स, द नेमसेक, हासिल, पान सिंह तोमर, तलवार, पीकू, हिंदी मीडियम और अंग्रेजी मीडियम । अपनी डायलॉग डिलीवरी और आंखों से अभिनय करने की कला में माहिर इरफान के साथ काम करने वाले निर्देशक उनके बारे में कहते हैं कि उनके साथ काम करना किसी अच्छे दोस्त के साथ काम करने जैसा होता था । वह जिंदादिल किरदारों को जितनी खूबसूरती से पर्दे पर उतारते थे उतनी ही खूबसूरती से मायूस किरदारों को भी जिंदा कर देते थे ।

यह भी पढ़ें : आंखे नम कर देगा इरफान खान का अपने फ़ैंस के लिए आखिरी मैसेज ''हैलो, भाईयो और बहनो, नमस्कार ! मैं इरफान''