कॉरियोग्राफ़र से फ़िल्ममेकर बने रेमो डिसूजा जल्द ही सलमान खान के साथ फ़िल्म बनाने जा रहे है । लेकिन इससे पहले उन्होंने एक बार फ़िर छोटे पर्दे पर अपने लोकप्रिय डांस शो, डांस प्लस, के साथ आगाज किया । आपको बता दें कि वह इस शो में जज के तौर पर नजर आते हैं ।

हाल ही में रेमो डिसूजा के शो में शाहरुख खान अपनी फ़िल्म जब हैरी मेट सेजल को प्रमोट करने के लिए आए । शाहरुख खान को अपने शो में देखकर रेमो काफ़ी खुश हुए और अपने उन दिनों को याद किया जब वह बैकग्राउंड डांसर हुआ करते थे । रेमो, शाहरुख खान की फ़िल्म परदेश में भी उनके बैकग्राउंड डांसर के रूप में नजर आए थे । और इसका खुलासा खुद रेमो ने अपने सोशल अकाउंट के जरिए किया और एक थ्रोबैक तस्वीर, यानी पुरानी तस्वीर को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया जिसमें वह शाहरुख खान के पीछे, बैकग्राउंड डांसर के रूप में नजर आ रहे हैं । इस फ़ोटो को पोस्ट करते हुए रेमो ने लिखा, “It’s just about that one step , one step back or one step forward: coz life is all about the next STEP.”

इस तस्वीर में शाहरुख खान के पीछे खड़े रेमो, बिल्कुल भी पहचान में नहीं आ रहे हैं । इसमें कोई दोराय नहीं है कि रेमो डिसूजा ने बैकग्राउंड डांसर से लेकर, एक सफ़ल कॉरियोग्राफ़र और अब फ़िल्ममेकर, तक का लंबा सफ़र तय किया है ।