जुड़वा 2, की अपार सफ़लता से खुश वरुण धवन जल्द ही शुजीत सरकार की फ़िल्म अक्टूबर में नजर आएंगे । इसके अलावा वरुण अनुष्का शर्मा के साथ फ़िल्म सुई धागा-मेड इन इंडिया में भी नजर आएंगे । वह बॉलीवुड में कुछ अभिनेताओं में से एक है, जिसके पास जबरदस्त बॉक्सऑफ़िस कलेक्शन के साथ-साथ क्रेजी फ़ैन फ़ोलोइंग है । साल 2012 में करण जौहर की फ़िल्म स्टूडेंट ऑफ़ द ईयर से अपने बॉलीवुड करियर की शुरुआत करने वाले वरुण धवन कॉमेडी फ़िल्मों के साथ-साथ गंभीर फ़िल्मों में भी अपने अभिनय का लोहा मनवा चुके है । और ये सब देखते हुए वरुण आज अपने समय के पहले ऐसे अभिनेता बन गए हैं जिनका मोम का पुतला प्रतिष्ठित मैडम तुसाद म्यूजियम में स्थापित किया गया ।

हॉन्ग कॉन्ग के मैडम तुसाद म्यूजियम में अपने चहेते स्टार वरुण के मोम के पुतले को देख उनके प्रशंसक जरूर खुश होंगे । जनता के लिए 2018 की पहली तिमाही में खोला जाएगा । अपने मोम के पुतले को देख खुशी से फ़ूले नहीं समा रहे वरुण ने कहा, "मैडम तुसाद के साथ काम करने का यह बहुत अच्छा अनुभव था । मैं हॉन्ग कॉन्ग में अपने मोम के पुतले को पाकर बहुत उत्साहित हूं !''

बदलापुर अभिनेता ने अपने मोम के पुतले के लिए अपना ट्रेडमार्क डांसिंग पोज दिया । इस मौके पर वरुण धवन के पिता डेविड धवन और मां करुणा धवन भी यहां पर मौजूद रहे । बता दें मैडम तुसाद के कुशल कारीगरों की एक टीम विशेष रूप से वरुण से मिलने के लिए मुंबई पहुंची थी । 200 से भी अधिक माप लिए गए और टीम ने वरुण के आंख और बाल के रंग को भी मिलाया ।
वरुण धवन का ट्रेडमार्क डांसिंग पोज

यह भी पढ़ें : डब्बू रत्नानी कैलेंडर 2018 : वरुण धवन की मुस्कुराहट बनी कैलेंडर की शान

मैडम तुसाद, हॉन्गकॉन्ग की महाप्रबंधक जेनी यू ने कहा, 'वरुण धवन बॉलीवुड के सबसे चहेते अभिनेताओं में से एक हैं । हम इस बॉलीवुड अभिनेता के साथ साझेदारी करके काफी प्रसन्न हैं । हॉन्गकॉन्ग के मैडम तुसाद म्यूजियम में विजिटर हॉलीवुड, एशियाई कलाकारों के साथ-साथ बॉलीवुड स्टार से भी मिल सकते है ।

















