सुशांत सिंह राजपूत अपनी बहुमुखी प्रतिभा और अलग प्रकार की फ़िल्मों के चयन के लिए जाने जाते है । पिछली बार वह कृति सैनॉन के साथ फ़िल्म राब्ता में नजर आए थे । लेकिन ये फ़िल्म बॉक्सऑफ़िस पर कुछ कमाल नहीं दिखा पाई थी । लेकिन अब सुशांत सिंह राजपूत अभिषेक चौबे की अगली फ़िल्म सोन चिरैया में डाकू बनकर सभी को प्रभावित करने के लिए तैयार है । डकैतों की जिंदगी पर आधारित यह फ़िल्म चंबल की असल जिंदगी की घटना पर बेस्ड है । अनुमान लगाया गया है कि हम इस फिल्म में सुशांत सिंह राजपूत को एक देहाती, खलनायक अवतार में देखेंगे । यह फिल्म रोनी स्क्रूवाला द्वारा प्रोड्यूस की जा रही है ।

ऐसे लिया सुशांत सिंह राजपूत ने डाकू लुक
इसलिए आज हम आपको दिखा रहे हैं सोन चिरैया फ़िल्म के सेट से डाकू बने सुशांत का पहला लुक । इस लीक हुई तस्वीर को देखकर आपको एहसास हो जाएगा कि सुशांत अपने किरदार में जान फ़ूंकने के लिए कुछ भी कर सकते हैं । उनके कपड़ों से लेकर उनके पॉश्चर तक, वह एक खतरनाक डाकु लग रहे है । सुशांत की बढ़ी हुई दाढ़ी, बिखरे हुए बाल, खतरनाक देखने का स्टाइल उन्हें पूरा डाकू बना रहा है ।
यह भी पढ़ें : …तो, सुशांत सिंह राजपूत और भूमि पेडनेकर इसलिए बनेंगे 'डकैत'
फ़िल्म से जुड़े करीबी सूत्र ने बॉलीवुड हंगामा को खासतौर पर बताया कि, सारा अली खान के साथ अभिषेक कपूर की केदारनाथ में व्यस्त होने के बावजूद सुशांत यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि वह सोन चिरैया में अपने किरदार के लिए कोई कमी नहीं छोड़े । इतना ही नहीं, वह अपने किरदार में घुसने के लिए असल जिंदगी के डाकू के साथ भी समय बिता रहे है । सूत्र ने बताया कि इस फ़िल्म के लिए सुशांत को फ़िजिकल ट्रेनिंग से भी गुजरना पड़ा है । अंदरूनी सूत्र ने कहा, "राइफल शूटिंग के साथ-साथ देहाती लुक के लिए सुशांत ने अपना वजन घटाया है ।''
















