Rani-Mukerji

Adira

फ़िल्ममेकर आदित्य चोपड़ा और उनकी पत्नी रानी मुखर्जी ने पिछले एक साल से मीडिया और कैमरे की चकाचौंध से अपनी बेटी को दूर रखा । लेकिन आज जब आदित्य और रानी की बेटी जिसका नाम आदिरा है, एक साल की हो गई हैं, तो मम्मी रानी ने बहुत ही बेफ़िक्र अंदाज में अपनी बेटी की एक झलक दुनिया को दिखलाई । एक मां होने के नाते रानी ने अपनी बेटी आदिरा को जन्मदिन की बधाई देते हुए और उसके जन्मदिन को यादगार बनाते हुए एक दिल को छू लेने वाला खत लिखा । रानी ने ये खत यशराज फ़िल्म्स के ऑफ़िशियली अकाउंट पर पोस्ट किया ।

“रानी ने इस खत में लिखा है, ‘मैं अपनी बेटी आदिरा को बहुत प्यार करती हूं । मैं उसके बिना जी नहीं सकती । उसके आने से मेरी जिंदगी बदल गई है । लेकिन एक बेबी को पालना बहुत ही मुश्किल है क्योंकि आप अचानक से खुद के लिए जीना छोड़कर अपने बच्चे के लिए जीना शुरू कर देते हैं । ऐसा लगता है कि उसने आपको मां के रूप में एक नया जन्म दिया है । मैं रातों में सो नहीं सकती हूं । मैं दिन में भी नहीं सो सकती हूं । मैं फिर उन लाखों माताओं के बारे में सोचने लगती हूं जिनके बच्चे हैं । क्या उनके साथ भी वही होता है जो मेरे साथ हो रहा है । मैं सभी माताओं को सैल्यूट करती हूं । मैं भगवान की शुक्रगुजार हूं कि उन्होंने मुझे आदिरा दी । मुझे नहीं पता कि मेरी ज़िंदगी के इस पड़ाव पर कोई मुझे समझ पाएगा या नहीं लेकिन मैं इस बहाव के साथ चली जा रही हूं । अब मैं काफ़ी शांत हो गई हूं साथ ही दयालु भी । मेरे अंदर यह बदलाव अचानक एक रात में हुआ है । मैंने महसूस किया है कि मैं बदल गई हूं । मुझे लगता है शायद कुछ अच्छे के लिए ही है । मुझे उम्मीद है कि मैं आदिरा का पालन पोषण अच्छी तरह से कर पाऊंगी । वह निडर, बहादुर, होशियार, निपुण, अनुशाहित और शिष्ट होगी । मेरी ख्वाहिश है कि मेरी आदिरा पर हर किसी को गर्व हो । यदि किसी को न हो तो मुझे उस पर हमेशा गर्व हो । मैं उसे प्रोत्साहित करुंगी कि वह हमेशा अपने दिल की सुने, किसी भी बात से तंग न हो, और न ही जीवन मेम किसी भी चीज का दबाव महसूस करे, हमेशा बेफ़िक्र रहे । खुशी और मुस्कान के साथ दिल से हंसे, उसकी मुस्कान उसकी आंखों तक पहुंचे ।

– रानी मुखर्जी चोपड़ा ”