बॉलीवुड अभिनेता मनोज बाजपेयी की हालिया रिलीज़ सिर्फ़ एक बंदा ही काफ़ी है, को काफ़ी अच्छा रिस्पोंस मिल रहा है ।  न केवल क्रिटिक्स द्वारा बल्कि फ़ैंस द्वारा भी फ़िल्म को पॉज़ीटिव फ़ीडबैक मिला है । लीक से हटकर फ़िल्में और सीरिज़ करने वाले मनोज बाजपेयी ने हमेशा ही अपनी परफ़ॉर्मेंस से दर्शकों का मनोरंजन किया है । हाल ही में सिर्फ़ एक बंदा ही काफ़ी है के प्रमोशन के दौरान जब मनोज बाजपेयी से उनकी नेटवर्थ, जो की 170 करोड़ रू बताई जाती है, के बारें में पूछा गया तो उन्होंने इसपर मज़ेदार जवाब दिया ।

170 करोड़ रू की नेटवर्थ सुनकर मनोज बाजपेयी हुए हैरान ; कहा- “मैं जैसी फिल्में करता हूं उनसे इतना पैसा कमाना असंभव है”

मनोज बाजपेयी की नेटवर्थ

कई हिट फ़िल्मों में काम कर चुके और फिल्म इंडस्ट्री के जाने माने अभिनेता मनोज ने अपनी नेटवर्थ के बारें में बताया कि, उनके पास इतना पैसा है कि उनका और उनकी पत्नी का बुढापा ठीक से कट जाएगा । आज तक को दिए एक इंटरव्यू जब मनोज से सवाल पूछा गया कि, क्या आपकी नेट वर्थ 170 करोड़ रुपये है ? इसके जवाब में मनोज बाजपेयी ने कहा, “बाप रे बाप, ये सब बातें गलत हैं । गली गुलियां और अलीगढ़ जैसी फिल्में करके इतने पैसा कमाना असंभव है । लेकिन मेरे पास इतना पैसा है कि मैं और मेरी पत्नी का बुढापा ठीक से कट जाएगा । साथ ही मेरी बेटी आर्थिक रूप से परेशान नहीं रहेगी । मैं आज भी ज्यादा पैसों में यकीन नहीं रखता, ना ही मुझे अमीरों की आलीशान जिंदगी लुभाती है । मैं साउथ मुंबई की जगह खुद को लोखंडवाला और धारावी का मानना पसंद करता हूं । मैं कभी भी खुद को इंडस्ट्री का हिस्सा नहीं मानता आया हूं । मैंने ये माना है कि मैं इस इंडस्ट्री की बॉउंड्रीलाइन पर बैठूंगा और अपना काम करूँगा ।

सच्ची घटनाओं से प्रेरितडायरेक्ट-टू-डिजिटल ओरिजिनल फिल्म सिर्फ एक बंदा काफी है अपूर्व सिंह कार्की द्वारा निर्देशित एक कोर्टरूम ड्रामा है । यह एक आम व्यक्ति की कहानी है - एक हाई कोर्ट का वकील जिसने अकेले ही POCSO एक्ट के तहत एक नाबालिग के बलात्कार के लिए एक असाधारण मामला लड़ा था । इस फ़िल्म में मनोज बाजपेयी वकील पीसी सोलंकी की भूमिका में नज़र आ रहे हैं जिसने जान से मारने की धमकियाँ मिलने के बावजूद अकेले दम पर एक लड़की के लिए न्याय की लड़ाई लड़ी ।