कपिल शर्मा के पसंदीदा शो, द कपिल शर्मा शो में इस बार रोहित शेट्टी की कॉप ड्रामा सूर्यवंशी की टीम नजर आने वाली है । सूर्यवंशी का ट्रेलर लॉंच होते ही अक्षय कुमार और रोहित शेट्टी सबसे पहले अपने पसंदीदा प्लेटफ़ॉर्म, कपिल शर्मा के शो द कपिल शर्मा शो पर अपनी फ़िल्म का प्रमोशन करने पहुंचे । आज कपिल ने अपने सोशल अकाउंट पर सूर्यवंशी की टीम के साथ शूट हुए एपिसोड की एक झलक पोस्ट की है । शो के दौरान कपिल ने अक्षय पर अपना विज्ञापन छिनने का ताना भी मारा ।

कपिल शर्मा ने अक्षय कुमार पर तंज कसा
सूर्यवंशी का प्रमोशन करने आए अक्षय, कैटरीना कैफ़ और रोहित शेट्टी ने कपिल के शो में जमकर मस्ती की । हाल ही में कपिल ने इस एपिसोड का एक प्रोमो शेयर किया है । इस प्रोमो वीडियो में कपिल ने अक्षय पर अपना विज्ञापन छीनने का भी ताना मारा ।
शो के दौरान कपिल ने अक्षय से कहा,''मेरे जैसा कोई आदमी छोटी-मोटी ऐड कर रहा हो तो उसका ऐड भी छीन लेते हैं ये । मैंने एक प्रोडक्ट की ऐड की थी, तो मैंने सोचा यार बड़ी चल रही है ये हिट है । अगले साल मुझे ये फिर से बुलाएंगे, लेकिन अगली साल देखा तो यह यमराज वाला टोपा पहनकर, ये कह रहे कि अपनी पॉलिसी करवाइये । मैंने सोचा कि यार ये क्या." कपिल की यह बात सुनकर अक्षय उनकी तरफ तकिया फेंक कर मारते हैं । और शो ठहाकों से गूंज उठता है ।
सूर्यवंशी की बात करें तो पहले यह फ़िल्म 24 मार्च को रिलीज होने वाली थी लेकिन महामारी बने कोरोना वायरस की दहशत के कारण फ़िल्म की रिलीज डेट को आगे बढ़ा दिया गया है । मेकर्स ने जल्द ही नई रिलीज डेट की घोषणा करने की बात कही है ।
















