अभिनय से लेकर फ़िल्ममेकिंग में हाथ आजमाने की प्रक्रिया की कंगना रानौत ने भी शुरूआत कर दी है । कंगना रानौत अब निर्देशक का हैट पहनने की तैयारी कर रही है और इसके लिए वे बहुत उत्साहित है । अपने अभिनय का लोहा मनवाने के बाद, कंगना अपनी आगामी फ़िल्म सिमरन से बतौर स्क्रीनराइटर बनकर उभर रही है और अपनी एक ओर आगामी फ़िल्म मणिकर्णिका- द क्वीन ऑफ़ झांसी से वे बतौर प्रोड्यूसर बनकर अपनी शुरूआत कर रही है । इसके बाद अब कंगना रानौत अपनी आगामी फ़िल्म तेजू से, जिसमें वह 80 साल की बुजुर्ग महिला के किरदार में नजर आएंगी, से निर्देशन के क्षेत्र में उतरने की तैयारी कर रही है ।

कंगना रानौत ने अपने निर्देशन में बनने वाली पहली फ़िल्म, तेजू के बारें में अनजाने में कई राज खोल दिए । आपको बता दें कि यह फ़िल्म जल्द ही शुरू होगी । हाल ही में हुए एक इंटरव्यू में कंगना रानौत ने खुलासा किया कि वह मणिकर्णिका-द क्वीन ऑफ़ झांसी के बाद ही अपनी फ़िल्म तेजु पर काम करेंगी । हालांकि उन्होंने इस बात की पुष्टि की कि उन्होंने मणिकर्णिका की 30 प्रतिशत शूटिंग पूरी कर चुकी है ।

तेजू के बारें में और इसकी शूटिंग वह कैसे शुरू करेंगी, इस बारें में बात करते हुए कंग़ना ने कहा, "वह फिल्म (तेजू) अभी अंडर प्रोसेस है । मैं उसे सिर्फ़ मणिकर्णिका के बाद ही शुरू कर पाऊंगी । यह काफ़ी रोमांचकारी होगी और मैं इसके लिए बेसब्री से इंतजार कर रही हूं । यह बच्चों की फ़िल्म है, और मेरे पास इसके लिए बहुत सारे आइडिया हैं और मैं इसके लिए उत्साहित भी हूं । लेकिन इसे अमल में लाने के लिए यह एक मुश्किल परियोजना होगी और मैं इसकी बेसब्री से इंतजार कर रही हूं ।"

कंग़ना ने आगे कहा कि, "मेरे पास इसको लेकर कई विचार हैं जिन्हें शक्ल देनी है, यह एक फ़ैमिली चिल्ड्रन ड्रामा फ़िल्म है क्योंकि मैं हर वर्ग के दर्शकों को इससे जोड़ना चाहती हूं । मैं इसे केवल कॉमेडी फ़िल्म नहीं कह सकती लेकिन निश्चित रूप से एक अच्छी फिल्म है । और यही वो है जिसे मैं करना चाहती थी ।”

आपको बता दें कि कंगना, तेजू फ़िल्म में एक अस्सी वर्षीय महिला की भूमिका निभाएंगी । इस रोल के लिए कंग़ना को काफ़ी तैयारी करने पड़ेगी साथ ही प्रोस्थेटिक का भी इस्तेमाल करना होगा । उन्होंने कहा, "हां, हम प्रोस्थेटिक इस्तेमाल करने वाले हैं, स्पेशल इफ़ेक्ट्स और बॉडी डबल का सहारा लेंगे यानी हमें सभी प्रकार की तकनीकों का उपयोग करना पड़ेगा ।"

अभिनेत्री ने यह भी बताया कि वह बच्चों के साथ काम करेंग़ी और बच्चों के साथ काम करना कितना कठिन होता है इस बारें में खुलकर बताया । उन्होंने कहा, "बच्चों को संभालना बहुत मुश्किल होता है! मुझे बच्चे बहुत अच्छे लगते है, लेकिन बच्चों के साथ काम करना..ओह…ओह गोड…लेकिन मेरी फ़िल्म में बच्चे हैं ।”

यह एक ऐसी महिला की कहानी है, जो बहुत गर्मजोशी से भरी, उत्साह से भरपूर और जिंदगी को खुलकर जीने वाली महिला है और मौत की दहलीज पर खड़ी होने के बावजूद वह अभी दुनिया छोड़ने के लिए तैयार नहीं है । वह जीना चाहती है और खुद को बिल्कुल बुजुर्ग नहीं मानती । कंगना ने किरदार को लेकर कहा, ‘‘यह एक गर्मजोशी से भरी, जीवंत महिला है जो खुद को कहीं से भी बूढ़ा नहीं समझती ।’’

गौरतलब है कि कंगना रानौत इन दिनों अपनी आगामी फ़िल्म सिमरन की रिलीज की तैयारी में जुटी हुई हैं । हंसल मेहता द्दारा निर्देशित यह फ़िल्म 15 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।