बॉलीवुड में इन दिनों नेपोटिज्म, खेमबाजी और आउटसाइडर-इनसाइडर को लेकर काफी बहस छिड़ी हुई है । इस बारें में बॉलीवुड भी दो वर्गों में बंटा हुआ है । जहां एक तरफ़ एक वर्ग इसके पक्ष में बोल रहा है और खुलकर कह रहा है कि बॉलीवुड में ने्पोटिज्म, खेमेबाजी है और आउटसाइडर-इनसाइडर जैसे मुद्दे हैं वहीं एक वर्ग इन बातों को सिरे से नकार रहा है । वहीं अब बॉलीवुड में बिना किसी गॉडफ़ादर के अपनी पहचान बनाने वाले अभिनेता जॉन अब्राहम ने इस मुद्दे पर अपनी राय रखी है । जॉन अब्राहम ने बॉलीवुड में आउटसाइडर-इनसाइडर को महज ‘ट्विटर ट्रेंडिंग कल्चर’ कहा है ।

जॉन अब्राहम को नहीं लगती बॉलीवुड में कोई कमी, नए कलाकारों को दिया मैसेज ‘अगर कोई काम नहीं मिलता है तो खुद के लिए काम बनाएं’

जॉन अब्राहम के अनुसार आउटसाइडर-इनसाइडर ट्विटर ट्रेंडिंग कल्चर है

हाल ही में दिए अपने एक इंटरव्यू में जॉन ने कहा कि, हर इंसान की अपनी अलग लड़ाई होती है, जो उन्हें खुद लड़नी है । चाहे आप इसे आसानी से स्वीकार करें या कड़वाहट के साथ, ये आपका निर्णय है । लेकिन ये सच है कि आपको ये लड़ाई खुद लड़नी होगी । यहां आपको साबित करना है। या तो आप इसे लेकर शिकायत करेंगे, या सिर झुकाकर अपने संघर्ष में जुट जाएंगे ।

इसके अलावा जॉन ने इंडस्ट्री में आने वाले कलाकारों को भी सलाह देते हुए कहा कि, जब उन्होंने अपने मॉडलिंग करियर की शुरुआत की थी तब वह एक बाहरी व्यक्ति थे । लेकिन अब उन्होंने इंडस्ट्री में सफ़लतापूर्वक 2 दशक से अधिक का समय बिता लिया है । नए लोग जो इंडस्ट्री में आ रहे हैं और जो युवा यहां आने की प्लानिंग कर रहे हैं वे सभी खुद के लिए विकल्प ढूंढें । अगर कोई काम नहीं मिलता है तो खुद के लिए काम बनाएं ।

वर्कफ्रंट की बात करें तो जॉन जल्द ही डायरेक्टर संजय गुप्ता की मल्टीस्टारर क्राइम ड्रामा मुंबई सागा में नजर आएंगे । इसके अलावा उनकी आगामी फ़िल्में हैं अटैक और सत्यमेव जयते 2 ।