मुंबई सेंट्रल स्टेशन मंगलवार को अचानक एक फिल्मी लोकेशन में बदल गया, जब रोज़ाना की भागदौड़ के बीच यात्रियों ने प्लेटफॉर्म पर बॉलीवुड स्टार जॉन अब्राहम को पुलिस की वर्दी में खड़ा देखा। ट्रेन का इंतज़ार कर रहे लोगों के लिए यह एक ऐसा पल था, जो बिल्कुल रियल-लाइफ सिनेमा जैसा लगा। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो ने इस नज़ारे को वायरल कर दिया, और फैंस में उत्सुकता और खुशी की लहर दौड़ गई।

मुंबई सेंट्रल स्टेशन से पुलिस यूनिफॉर्म में जॉन अब्राहम का शूट वीडियो वायरल ; शुरू की रोहित शेट्टी की कॉप ड्रामा राकेश मारिया बायोपिक फ़िल्म की शूटिंग ?

पुलिस वर्दी में नजर आए जॉन अब्राहम

जॉन अब्राहम इन दिनों अपनी आने वाली कॉप ड्रामा फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं, जिसमें वे एक पुलिस अधिकारी की भूमिका निभा रहे हैं। यह फिल्म पूर्व मुंबई पुलिस कमिश्नर राकेश मारिया की जिंदगी पर आधारित बायोपिक बताई जा रही है। खास बात यह है कि इस प्रोजेक्ट के साथ जॉन पहली बार निर्देशक रोहित शेट्टी के साथ काम कर रहे हैं।

फिल्म की शूटिंग साउथ मुंबई के कई हिस्सों में बड़े स्केल पर की जा रही है। मीरा रोड स्थित एलोरा स्टूडियोज़ में तो एक पूरा पुलिस स्टेशन सेट भी बनाया गया है, ताकि कहानी को वास्तविकता के करीब रखा जा सके। शूटिंग यूनिट में रोज़ाना 50 से 100 लोगों की टीम शामिल रहती है। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इसे सत्यमेव जयते फ्रैंचाइज़ी का हिस्सा समझ लिया था, लेकिन निर्माताओं के मुताबिक यह वही बायोपिक है जिस पर लंबे समय से काम चल रहा है।

इसी बीच जॉन अब्राहम ने साजिद खान के निर्देशन में बनने वाली फिल्म 100% से खुद को पूरी तरह अलग कर लिया है । इस फिल्म में पहले जॉन अब्राहम और रितेश देशमुख जैसे बड़े सितारों को कास्ट किए जाने की खबरें थीं, लेकिन अब जॉन ने सार्वजनिक रूप से ऐलान कर दिया है कि उनका इस प्रोजेक्ट से कोई लेना-देना नहीं है । जॉन अब्राहम की लीगल टीम की तरफ से एक कड़ा सार्वजनिक नोटिस जारी किया गया है, जिसमें कहा गया है कि फिल्म 100% के साथ उनके नाम का इस्तेमाल गलत तरीके से किया जा रहा है ।