खबरें आ रही हैं कि बॉलीवुड अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी मुंबई से सड़क के रास्ते होते हुए यूपी के मुजफ्फरनगर के बुढाना कस्बे में अपने पुश्तैनी घर पहुंचे । कहा जा रहा है कि नवाजुद्दीन सिद्दीकी ईद मनाने के लिए अपनी फ़ैमिली संग़ अपने पुश्तैनी घर पहुंचे हैं । लेकिन इस खबर में कोई सच्चाई नहीं है । हां नवाजुद्दीन सिद्दीकी उत्तरप्रदेश में अपने पुश्तैनी घर गए जरूर हैं, लेकिन ईद मनाने के लिए नहीं ।

लॉकडाउन में यूपी पहुंचने पर नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने तोड़ी चुप्पी, “मैं यहां ईद मनाने के लिए नहीं आया हूं बल्कि…”

नवाजुद्दीन सिद्दीकी की मां बीमार हैं

नवाज ने इस बारें में बात करते हुए मुझे बताया, “अभी जब पूरा देश कोरोना संकट से जूझ रहा है, ऐसे में कौन कुछ भी सेलिब्रेट करने की सोच सकता है ? नहीं, मैं अपने पुश्तैनी घर ईद मनाने के लिए नहीं आया हूं । मैं यहां अपनी बीमार मां को देखने के लिए आया हूं ।”

अपनी मां के बारें में बात करते हुए नवाज ने कहा कि, “किसकी मां जान से प्यारी नहीं होती हैं ? यकीनन मैं इस दुनिया में सबसे ज्यादा अपनी मां से प्यार करता हूं । जब मुझे पता चला कि वो बीमार हैं तो मैंने तुरंत बुढ़ाना आने की तैयारी शुरू कर दी थी । इस धरती पर ऐसी कोई शक्ति नहीं थी जो मुझे क्वांरटीन से बाहर निकालती, वो तो मां बीमार हैं इसलिए मुझे बाहर निकलना पड़ा ।”

नवाज, जो पिछले दो महीने से अपने मुंबई वाले घर में ही क्वारंटीन है, ने कहा कि उन्हें अभी नहीं पता कि वह कब लौटेंगे । “किसी को नहीं पता ये संकट कब तक चलेगा ? मैं पहले ही अपनी पत्नी और दोनों बच्चों से दूर हूं । अब कम से कम मैं अपनी मां के करीब तो हूं ।”

यह भी पढ़ें : मुंबई से यूपी अपने पुश्तैनी घर पहुंचे नवाजुद्दीन सिद्दीकी का कोरोना टेस्ट आया नेगेटिव, 14 दिन के लिए हुए होम क्वारंटीन

बता दें कि नवाज की पत्नी लॉकडाउन शुरू होने से पहले ही दोनों बच्चों को लेकर अपने मम्मी-पापा के घर जबलपुर के लिए निकल गई थीं ।