सुष्मिता सेन इन दिनों अपनी हालिया रिलीज़ वेब सीरिज़ ताली (Taali) को लेकर चर्चा में बनी हुई हैं । ट्रांसजेंडर एक्टिविस्ट गौरी सावंत के किरदार में नज़र आ रही सुष्मिता सेन ने एक बार फिर साबित कर दिया की वह कितनी शिद्दत से अपने हर किरदार को निभाती हैं । दमदार डायलॉग और किन्नर की ज़िंदगी को दर्शाती ताली को पसंद किया जा रहा है साथ ही सुष्मिता की एक्टिंग स्किल को भी खूब सराहना मिल रही है । सुष्मिता ने न केवल इस किरदार को निभाया है बल्कि इसे साइन करने से पहले उन्होंने इस किरदार पर खूब रिसर्च की और उसके बाद ही इसे करने के लिए हामी भारी । इसका खुलासा ख़ुद ताली के क्रिएटर अर्जुन सिंह बरन, कार्तिक दि निशानदार ने बॉलीवुड हंगामा के साथ हुई एक्सक्लूसिव बातचीत में किया है ।

सुष्मिता सेन ताली के लिए थी फ़र्स्ट च्वाइस
ताली के क्रिएटर अर्जुन सिंह बरन, कार्तिक दि निशानदार से जब पूछा गया कि, क्या सुष्मिता सेन ताली के लिए फ़र्स्ट च्वाइस थी और क्या उन्होंने इसके लिए तुरंत हामी भर दी थी या इसके लिए थोड़ा समय लिया था ? इसके जवाब में अर्जुन और कार्तिक ने बॉलीवुड हंगामा को बताया, सुष्मिता को ताली में अपना किरदार एक बार में ही पसंद आ गया था लेकिन उन्होंने इसे ऑफ़िशियली साइन करने में छ महीने का वक्त लिया ताकि वह इस पर रिसर्च कर सके । उन्होंने कहा, “ताली बनाने की जर्नी साल 2021 में फ़रवरी-मार्च में शुरू हुई थी । हमारी फ़र्स्ट च्वाइस शुरुआत से ही सुष्मिता सेन रही हैं क्योंकि गौरी और सुष्मिता में काफ़ी कुछ समानता हैं । तो जब हमने उन्हें फ़र्स्ट टाइम इसके लिए अप्रोच किया था तो जब उन्हें स्क्रिप्ट मिली तो उन्होंने दो दिनों में ही हमें रिप्लाई कर कहा की उन्हें स्क्रिप्ट बहुत अच्छी लगी है । इसके बाद उन्होंने हमसे स्क्रीन प्ले माँगा और वो भी उन्हें काफ़ी पसंद आया । इसके बाद उन्होंने कहा की उन्हें थोड़ा टाइम दीजिए क्योंकि वो वापस पढ़ना चाहती थी स्क्रिप्ट और स्क्रीन प्ले को । सुष्मिता ने छ महीने में गौरी के किरदार पर इतना रिसर्च किया, मसलन गौरी की हिस्ट्री, उनकी जर्नी इत्यादि । सुष्मिता ने कम से कम आठ बार स्क्रीन प्ले का ड्राफ़्ट पढ़ा । और ये सब रिसर्च हो जाने के बाद उन्होंने छ महीने के बाद ताली ऑफ़िशियल साइन की । असल में सुष्मिता गौरी के किरदार को पूरी तरह से आत्मसात करना चाहती थी ताकि वो स्क्रीन पर अपने रोल के साथ न्याय कर सके । ये कहना चाहूँगा कि सुष्मिता ने गौरी के किरदार को निभाने के लिए काफ़ी डीटेल में जाकर रिसर्च किया है । यदि आप अपनी कहानी देश के बाहर पहुँचाना चाहते हैं तो उसके लिए कोई ऐसे एक्टर का होना बहुत ज़रूरी है जिसका सम्मान न केवल इंडिया बल्कि इंडिया के बाहर भी होता है । सुष्मिता एक इंटरनेशनल चेहरा है, मिस यूनिवर्स जो ट्रांसजेंडर बन रही है ।”
रवि जाधव द्वारा निर्देशित, स्क्रिप्ट क्षितिज पटवर्धन द्वारा लिखी गई ताली का निर्माण अर्जुन सिंह बरन, कार्तिक डी निशानदार और अफीफा नाडियाडवाला द्वारा किया गया है । सुष्मिता के अलावा इसमें अंकुर भाटिया, ऐश्वर्या नारकर, हेमांगी कवि, सुव्रत जोशी, कृतिका देव, नितीश राठौड़, मीनाक्षी चुघ और शान कक्कड़ भी प्रमुख भूमिकाओं में नज़र आ रहे हैं । इस सीरीज़ का प्रीमियर 15 अगस्त से जियो सिनेमा पर हो गया है ।
















