जैकी श्रॉफ बॉलीवुड के उन एक्टर्स में से हैं, जिन्होंने बिना किसी गॉडफादर के फ़िल्म इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाई । जैकी श्रॉफ एक्टर बनने से पहले मुंबई की एक चॉल में रहते थे । सुभाष घई की सुपरहिट फ़िल्म हीरो से डेब्यू करने और स्टार बन जाने के बाद भी वह कई साल तक उसी चॉल में रहे । इस बात का खुलासा हाल ही में जैकी ने बॉलीवुड हंगामा के साथ हुए एक़्सक्लूसिव इंटरव्यू में किया । जैकी श्रॉफ ने बताया कि 33 सालों तक वह चॉल में रहा करते थे और फ़िल्ममेकर्स उन्हें अपनी फिल्म के लिए वहीं आकर साइन करते थे ।

जैकी श्रॉफ को माता-पिता की सीख ग्राउंडेड बनाती है
बॉलीवुड हंगामा के साथ हुए इंटरव्यू के दौरान जब जैकी से पूछा गया कि वह इतने सफल अभिनेता होंने के बावजूद भी इतने विनम्र और ग्राउंडेड कैसे रहते है ? इसके जवाब में जैकी ने कहा, “मुझे लगता है की मेरे मेरे माता-पिता ने मुझे बहुत कुछ सिखाया है- उन्होंने मेरी अच्छी परवरिश की, उनकी बातें मेरी रग-रग में बसी हुई है, तो ये मेरे परिवार की शक्ति है । इसके अलावा 33 सालों से मैं 200 स्क्वायर फ़ीट की जगह रहा जहां पोटी के लिए भी लाइन लगानी पड़ती थी, प्रोड्यूसर्स वहीं आकर मुझे साइन करते थे । हीरो बनने के बाद भी मैं वहीं रहा । तो बदल क्या सकता है, कुछ नही बदला ।”
वर्क फ्रंट की बात करें तो, जैकी ओटीटी प्लेटफार्म जी5 पर रिलीज़ हो चुकी फ़िल्म अतिथि भूतो भव में मुख्य भूमिका में नजर आ रहे हैं । इस फ़िल्म में जैकी के साथ प्रतीक गाँधी और शर्मिन सेहगल भी लीड रोल में नज़र आएंगे ।
















