14 जून 2020 को बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के निधन के बाद उनकी गर्लफ़्रेंड रहीं रिया चक्रवर्ती और उनके परिवार को काफ़ी कुछ झेलना पड़ा । रिया चक्रवर्ती को कई तरह के मीडिया ट्रायल से गुजरना पड़ा था । हालांकि अब रिया चक्रवर्ती एक बार फ़िर अपनी जिंदगी को नॉर्मल करने की कोशिश में जुट गई हैं । साथ ही वह अपने बॉलीवुड कमबैक के लिए भी तैयार हैं । रूमी जाफ़री द्दारा निर्देशित अमिताभ बच्चन और इमरान हाशमी अभिनीत चेहरे में रिया चक्रवर्ती एक स्पेशल रोल में नजर आएंगी । हालांकि विवादों से बचने के लिए रिया चक्रवर्ती फ़िल्म चेहरे के प्रमोशन से दूर हैं । वहीं चेहरे के लीड एक्टर इमरान हाशमी ने हाल ही में रिया का खुलकर सपोर्ट किया ।

इमरान हाशमी ने रिया चक्रवर्ती का सपोर्ट किया
चेहरे के प्रमोशन के दौरान इमरान हाशमी ने बॉलीवुड हंगामा के साथ एक्सक्लूसिव बातचीत की जिसमें उन्होंने रिया का खुलकर सपोर्ट किया । इमरान ने कहा रिया और उनके परिवार को लेकर जो मीडिया ट्रायल चलाया गया वह सरासर गलत था । रिया का सपोर्ट करते हुए इमरान के कहा, “इसको जरूरत से ज्यादा बड़ा कर दिया गया था, पूरे केस में मीडिया ट्रायल चलाया गया, जो मेरे मुताबिक गलत था । आपने करीब-करीब एक परिवार की जिंदगी तबाह कर दी । वो भी किस बात पर, सिर्फ एक कयास पर कि ऐसा हुआ होगा...। हालांकि कुछ पोर्टल्स ने इस पर काफी अच्छी रिपोर्टिंग भी की थी । वहीं मुझे लगता है कि हर कोई अगर ग्राउंड रूल फॉलो करेगा तो ये दुनिया अच्छी जगह बन जाएगी । हमें समझना होगा कि ज्यूडिशियल सिस्टम है और उस पर भरोसा करना होगा । मीडिया का एक पोर्शन कैसे किसी को आरोपी या कुछ और बता सकता है ?”
इमरान ने आगे कहा, “मुझे लगता है कि यह पूरी तरह से अनुचित और गलत है । मुझे लगता है कि इस पूरे ट्रायल के दौरान रिया पर और उनके परिवार पर जो गुजरी होगी ये सोचकर ही मेरा दिल दुखता है । मैं सोच भी नहीं सकता था कि वे किस दौर से गुजरे हैं ।”
बता दें कि सुशांत के निधन के बाद रिया को ड्रग्स मुहैया कराने के आरोप में न्यायिक हिरासत में लिया गया था । हालांकि अब रिया को इस मामले में जमानत मिल गई है ।
आनंद पंडित मोशन पिक्चर्स की चेहरे में अमिताभ और इमरान के अलावा रघुवीर यादव, सिद्धांत कपूर, क्रिस्टल डिसूजा, अन्नू कपूर और रिया भी स्पेशल रोल में दिखाई देंगी । आनंद पंडित मोशन पिक्चर्स और सरस्वती एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड द्दारा प्रो्ड्यूस चेहरे को रूमी जाफरी ने डायरेक्ट किया है । यह फ़िल्म 27 अगस्त को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।
















