बिना किसी गॉडफ़ादर के फ़िल्म इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाने वाली और हिंदी सिनेमा को कहो न प्यार है और गदर जैसी ब्लॉकबस्टर फ़िल्में देने वाली अमीषा पटेल काफ़ी सालों बाद गदर 2 से फिर से फ़िल्मों में अपनी वापसी कर रही हैं । सनी देओल स्टारर गदर 2 की रिलीज से पहले अमीषा पटेल ने बॉलीवुड हंगामा के साथ एक्सक्लूसिव बातचीत की जिसमें उन्होंने फ़िल्म इंडस्ट्री में अपने शुरुआती दिनों के बारें में बताया की कैसे स्टार किड्स उनकी सक्सेस से जलते थे और बिना बताए कैसे उन्हें कई फ़िल्मों से निकाल दिया गया । अमीषा पटेल ने अपने आउटसाइडर होने के संघर्ष पर खुलकर बात की ।

EXCLUSIVE: अमीषा पटेल ने बताया अपना आउटसाइडर होने का संघर्ष ; “मेरी फ़िल्मों की सक्सेस देख स्टार किड्स को मुझसे जलन होती थी, बिना बताए मुझे फ़िल्म से निकाला गया”

अमीषा पटेल ने अपने आउटसाइडर होने के संघर्ष को किया बयां

अमीषा ने अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए कहा, “जब मैंने फिल्म इंडस्ट्री में एंट्री ली, तो उस दौरान मेरे साथ केवल फिल्म स्टार्स के बच्चे या फ़िल्ममेकर्स के बच्चें यानी स्टार किड्स ने ही बॉलीवुड में कदम रखा था  । जिसमें शामिल थे करीना कपूर, अभिषेक बच्चन, ऋतिक रोशन, तुषार कपूर, ईशा देओल, फरदीन खान । आप यदि उस वक्त देखते तो पाते की उस समय फिल्मी परिवार की तीसरी पीढ़ी का कोई न कोई व्यक्ति फ़िल्मी दुनिया में कदम रख रहा था । और वहीं मैं आउटसाइडर थी और मैं वैसे भी साउथ बॉम्बे (लड़की) से थी और यही मेरे लिए ग़ुरूर की बात थी क्योंकि मैं शिक्षित आउटसाइडर थी । मैं उनमें से हूं जो सेट पर गॉसिप नहीं करती थी, मैं किताबें पढ़ती थी इसलिए मुझे वैसे भी घमंडी कहा जाता था क्योंकि मैंने गॉसिप करने और किसी की बुराई करने के बजाए किताबे पढ़ना चुना । और इतना ही नहीं इसके बाद मुझे लगातार सक्सेस भी मिलती गई । ऋतिक रोशन और मुझे रातोंरात अपनी पहली ही फ़िल्म कहो न प्यार है से फ़ेम मिल गया । इसके बाद गदर आई जो ब्लॉकबस्टर साबित हुई फिर मेरी साउथ फ़िल्म बद्री आई और वो भी सफल हुई । भगवान मुझ पर मेहरबान थे और वो जानते थे कि मेरा फ़िल्म इंडस्ट्री में कोई गॉडफादर नहीं है इसलिए उन्होंने मुझे सक्सेसफुल फ़िल्में दी । लेकिन मेरे साथ आए स्टार्स को मेरी सक्सेस हज़म नहीं हुई और उन्हें मुझसे बहुत जलन होने लगी । मुझसे फ़िल्में छीनी जाने लगी, मेरा रोल काटा जाने लगा । मैं फ़िल्म साइन करती और उन्हें अपनी डेट्स देती और जब मैं सेट्स पर पहुँचती तो मेरी जगह उस रोल को कोई और कर रहा होता । मेरे साथ ये ए लिस्ट डायरेक्टर्स तक ने किया । हालाँकि मैंने उन्हें कहा भी कि उन्होंने मेरे साथ बहुत ग़लत किया । इस चक्कर में मैंने कई अच्छी फ़िल्में खो दी । लेकिन भगवान है, ऐसी ही एक फ़िल्म थी जिसमें से मुझे निकाल दिया था और वो ग़दर के आस पास रिलीज़ हुई और वो बुरी तरह से फ्लॉप हो गई और ग़दर ने बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच दिया ।

गदर 2 में एक बार फिर अमीषा और सनी देओल के साथ उत्कर्ष शर्मा (जिन्होंने दो दशक पहले उनके बेटे की भूमिका भी निभाई थीजीते के रूप में दिखाई देंगे । निर्देशक-निर्माता अनिल शर्मा द्वारा निर्देशित और ज़ी स्टूडियो द्वारा निर्मितगदर 2, दो महीने बाद 11 अगस्त 2023 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।