
ह्रितिक रोशन की काबिल और शाहरुख खान की रईस की टक्कर अब बराबरी की होती जा रही है । जहां एक तरफ़ रईस में सनी लियोन 'लैला ओ लैला' गाने पर आइटम नम्बर करती हुईं नजर आएंगी वहीं दूसरी तरफ़ काबिल में उर्वशी रोतैला 'सारा जमाना हसीनो का दीवाना' गाने पर अपनी हॉट अदाओं के जलवे बिखेरेंगी ।
आपको बता दें कि काबिल में साल 1981 में आई फ़िल्म याराना का लोकप्रिय गाना 'सारा जमाना' एक नए रूप में नजर आएगा । और राजेश रोशन की धुनों पर उर्वशी रोतैला इस गाने पर ठुमके लगाती हुईं नजर आएंगी ।
माही वे, बबली बदमाश, साकी साकी, जैसे आइटम नंबर बना चुके संजय गुप्ता इस बार 'सारा जमाना' जैसा गाना लेकर आए हैं जो कि आज ही रिलीज किया गया । संजय गुप्ता की क्रिटिव टीम ने अमिताभ बच्चन की फिल्म ‘याराना’ का सॉन्ग ‘सारा जमाना’ को बिल्कुल अलग हट कर बनाया है । इस गाने के बारें में बात करते हुए संजय गुप्ता कहते हैं कि “हमारे वर्जन में इस गाने को एक महिला सिंगर ने गाया है और इसमें उर्वशी रोतैला को दर्शाया गया है जबकि पुराने गाने को किशोर कुमार ने गाया और वह अमिताभ बच्चन पर फ़िल्माया गया था । सप्ताहांत के दौरान जब इस गीत को शूट किया गया था तब हमने हर एक लाइट को इसमें डाला जो फ़िल्मस्तान स्टूडियो में मौजूद थी जिससे की गाने को वैसा ही प्रभाव मिले जैसा इसले ऑरिजनल गाने को मिला था । और इस गाने में उर्वशी जितनी हॉट लग रही हैं वैसी वो पहले कभी नहीं लगीं ।”

निर्माता राकेश रोशन कहते है कि “हसीनो का दीवाना गाने का सेट बहुत असाधारण है लेकिन जब उर्वशी जब अपनी अदाओं के जलवे बिखेरती हैं तो ये गाना और भी शानदार लगने लगता है । उर्वशी इस गाने को करने के लिए बहुत नर्वस थीं क्योंकि यह गाना पहले अमिताभ बच्चन पर शूट किया गया था । लेकिन फ़िर बाद में उर्वशी ने कर दिखाया । यह गाना एक पार्टी सॉंग बनेगा यह पक्का है और लोग इस गाने पर नाइटक्लब में सारी रात डांस करेंगे ।”
राकेश रोशन द्दारा निर्मित काबिल में ह्रितिक रोशन और यामी गौतम मुख्य भूमिका में नजर आएंगे । संजय गुप्ता द्दारा निर्देशित यह फ़िल्म 25 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।
















