tubelight001

सुल्तान की अपार सफ़लता के बाद, सलमान खान अपने पसंदीदा निर्देशक कबीर खान के साथ अपने दर्शकों को खुश करने के लिए एक बार फ़िर साथ आ रहे हैं । कबीर खान के निर्देशन में बन रही फ़िल्म ट्यूबलाइट में सलमान खान मुख्य भूमिका में नजर आएंगे । इस फ़िल्म के पहले शेड्यूल की शूटिंग लद्दाख में चल रही है और वहीं से हमें कुछ तस्वीरें मिली हैं >

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि सलमान खान फ़िल्म ट्यूबलाइट में अपने भाई सोहेल खान के साथ नजर आएंगे । फ़िल्म के सेट से दोनों भाईयों की ये तस्वीर इन दिनों इंटरनेट पर छाई हुई है जिसमें सलमान-सोहेल बहुत ही रफ़ लुक में नजर आ रहे हैं । फ़िल्म के बारें में अभी ज्यादा जानकारी तो नहीं है लेकिन इतना सुनने में आया है कि फ़िल्म में ये दोनों आर्मी ऑफ़िसर के किरदार में नजर आएंगे । 60 के दशक में हुए  भारत-चीन युद्ध, जिसे भारत चीन सीमा विवाद के रूप में भी जाना जाता है, जिसने हिमालय की सीमाओं पर  विवाद खड़ा कर दिया था, पर आधारित होगी ।  हमें यह भी पता चला है कि सोहेल खान इस फ़िल्म में एक गूंगे-बहरे का किरदार निभाएंगे लेकिन फ़िल्म के मेकर्स ने इस किरदार के बारें में कोई भी खुलासा करने से सख्ती से मना किया है । यह भी सुनने में आया है कि हालांकि यह फ़िल्म एक राजनीतिक पृष्ठभूमि पर बेस्ड है , लेकिन इसमें ह्यूमन ड्रामा भी दिखाई देगा । गौरतलब है कि, कबीर खान और सलमान के कॉलैबरेशन की ये तीसरी फ़िल्म है, पहली फ़िल्म थी एक था टाइगर और दूसरी थी बजरंगी भाईजान, ये दोनों ही फ़िल्में बॉक्सऑफ़िस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुईं ।

गौरतलब है कि कबीर खान की आगामी फ़िल्म ट्यूबलाइट के लिए सलमान खान के अपोजिट कई सारी बॉलीवुड अभिनेत्रियो के बीच टॉस था लेकिन इन सबके बीच एक चाइनीज अभिनेत्री झु झु  को फ़िल्म की मुख्य अभिनेत्री के तौर पर चुना गया ।  झु झु की ये बतौर अभिनेत्री पहली बॉलीवुड फ़िल्म होगी और वो भी सलमान खान के साथ ।