
बॉलीवुड और क्रिकेट के पावर कपल कहे जाने वाले विराट कोहली और अनुष्का शर्मा सात समंदर पार इटली में शादी के बंधन में बंधे और उनकी शादी ने इंटरनेट पर सबसे ज्यादा ट्रेंड किया । 11 दिसंबर को दोनों की शादी हिंदु रीति-रिवाजों के तहत परिवारजन और बेहद करीबी दोस्तों के बीच संपन्न हुई । विराट और अनुष्का की शादी किसी परी कथा से कम नहीं थी ।
शादी के बाद, इस नवविवाहित जोड़े ने परिवार जन और करिबियों के साथ मिलकर शानदार डीजे पार्टी का आनंद उठाया और रोम में अपने हनीमून मनाने के बाद ये फ़िनलैंड के लिए रवाना हो गए । ये जोड़ी अपने होलीडे को खूब एंजॉय कर रही है । हम आपको यहां उस शानदार डीजे पार्टी की कुछ झलकियां दिखा रहे है जिसमें विराट और अनुष्का का मस्तीभरा अंदाज साफ़-साफ़ देखा जा सकता है । इस तस्वीरों में विराट और अनुष्का अपने मेहमानों के साथ पोज देते हुए नजर आ रहे है । जहां विराट फ़नी फ़ेस बना रहे है वहीं अनुष्का हर फ़ोटो में खिलखिलाकर हंसती हुई नजर आ रही हैं ।
विराट कोहली और अनुष्का शर्मा के जल्द ही भारत लौटने की उम्मीद है । भारत आकर 21 दिसंबर को वे दिल्ली में एक ग्रांड रिसेप्शन देंगे और उसके बाद 26 दिसंबर को मुंबई में रिसेप्शन देंगे । इसके बाद दोनों नए साल के जश्न के लिए दक्षिण अफ़्रीका रवाना हो जाएंगे ।
फ़िल्मों की बात करें तो अनुष्का शर्मा 2018 में मुंबई लौंटेंगी और शाहरुख खान के साथ फ़िल्ममेकर आनंद एल राय की आगामी फ़िल्म की शूटिंग शुरू करेंगी । इसके बाद वह आगामी फ़िल्म सुई धागा-मेड इन इंडिया की तैयारी शुरू करेंगी । इस फ़िल्म की शूटिंग भी अगले साल से ही शुरू होगी और इस फ़िल्म में वह वरुण धवन के साथ नजर आएंगी । अनुष्का जल्द ही अपने प्रोडक्शन के बैनर तले बनी फ़िल्म परी के प्रमोशन को शुरू करेंगी । यह फ़िल्म 9 फ़रवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।
















