
अक्षय कुमार, जो अपनी पिछली फ़िल्म रुस्तम में नजर आए थे, इन दिनों भूमि पेडनेकर के साथ अपनी आगामी फ़िल्म 'टॉयलेट एक प्रेम कथा' की शूटिंग कर रहे हैं । इस फ़िल्म में अक्षय के साथ अनुपम खेर भी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे । और इसी के साथ यह फ़िल्म अक्षय-अनुपम की जोड़ी वाली 20वीं फ़िल्म बन जाएगी ।
बुधवार के दिन, अक्षय ने अनुपम खेर के साथ एक ब्लैक एंड व्हाइट फोटो पोस्ट की जिसमें अक्षय पहिये वाली कुर्सी पर बैठे हैं जबकि अनुपम पीछे खड़े हैं । और दोनों हंसी-मजाक करते नजर आ रहे हैं । फ़ोटो शेयर करते हुए अक्षय ने लिखा, 'इस व्यक्ति ने बहुतों को प्यार व मार्गदर्शन दिया । मेरे अब तक के करियर में मुझे भी उनका प्यार व मार्गदर्शन मिला । आगे भी आपका स्नेह बना रहे । आपके लिए ढेर सारा प्यार व प्रार्थनाएं अनुपम खेर जी ।'
दरअसल यह फ़ोटो 'टॉयलेट एक प्रेम कथा' फ़िल्म के सेट का है । अनुपम खेर ने भी एक वीडियो शेयर किया जिसमें वह अक्षय कुमार और भूमि के साथ केक काट रहे हैं । वीडियो शेयर करते हुए अनुपम खेर ने लिखा, 'टॉयलेट एक प्रेम कथा' मेरी सुपरस्टार अक्षय के साथ 20वीं फ़िल्म है । यहां एक झलक कि हम कैसे उसका जश्न मना रहे हैं ।"
इससे पहले अक्षय कुमार और अनुपम खेर की जोड़ी शौकीन, बेबी, स्पेशल 26, देशी बॉयज़, वक्त हमारा है, सेनिक, अफ़लातून और कई सारी फ़िल्मों में नजर आ चुकी है ।
फ़िल्म टॉयलेट एक प्रेम कथा अरुण भाटिया, प्लान सी स्टूडियो और अबुदानिता द्दारा प्रोड्यूस की जा रही है । श्री नारायण सिंह के निर्देशन में बन रही यह फ़िल्म 2 जून 2017 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।
















