ये दिवाली, आमिर खान और विराट कोहली के प्रशंसकों के लिए बेहद खास होने वाली है क्योंकि इन दोनों को एक साथ देखने की ख्वाहिश इस दिवाली पूरी होने वाली है । आमिर खान, जो इन दिनों अपनी आगामी फ़िल्म सीक्रेट सुपरस्टार के प्रमोशन में जुटे हुए हैं, और भारतीय स्किपर विराट कोहली एक स्पेशल चैट शो के लिए एक साथ नजर आएंगे । आपको बता दें कि यह स्पेशल चैट शो दिवाली के लिए खासतौर पर शूट हुआ है ।
मंगलवार के दिन, आमिर खान और विराट कोहली ने दीवाली के लिए एक स्पेशल एपिसोड शूट किया । इस शूट में ये दोनों ही बदल हुई भूमिका में नजर आए । एक फ़ोटो में जहां आमिर खान अपने हाथ में क्रिकेट की जर्सी पकड़े हुए नजर आए वहीं विराट कोहली अपने हाथ में क्लेपबोर्ड थामे हुए नजर आए ।

आपको बता दें कि आमिर खान ने विराट कोहली को एक स्मृति चिन्ह के रूप में दंगल का क्लैप बोर्ड उपहार में दिया । यह बहुत कम लोगों को पता होगा कि आमिर को अपनी फिल्मों से क्लैपबॉड्स इकट्ठा करने का जुनून है । वही विराट ने आमिर को भारतीय क्रिकेट टीम की टी-शर्ट तोहफ़े के रूप में पेश की ।
आमिर के साथ, उनके बेटे आजाद खान भी इस समारोह में शामिल हुए जो विराट कोहली के प्रशंसक है । विराट से मुलाकात करने के बाद आज़ाद काफी उत्साहित थे और विराट ने आज़ाद को एक हस्ताक्षर वाला बल्ला भी भेंट में दिया जिसके बाद उनकी खुशी की कोई सीमा नहीं थी ।
दीवाली सप्ताह के दौरान टेलीविजन पर यह विशेष चैट शो प्रसारित किया जाएगा । यह विशेष चैट शो 19 अक्टूबर को रिलीज होने वाली फिल्म "सीक्रेट सुपरस्टार" के प्रचार का हिस्सा है।

आमिर खान इन दिनों अपने प्रोडक्शन मे बनी फ़िल्म सीक्रेट सुपरस्टार के प्रमोशन में व्यस्त हैं वहीं विराट कोहली व भारतीय क्रिकेट टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला के बाद एक छोटे से ब्रेक का आनंद उठा रहे हैं । सीक्रेट सुपरस्टार में आमिर खान के अलावा जायरा वसीम अहम भूमिका में नजर आएंगी । यह फ़िल्म 19 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी । इसके अलावा आमिर खान विजय कृष्ण आचार्य द्दारा निर्देशित फ़िल्म ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान में अमिताभ बच्चन, कैटरीना कैफ़ और फ़ातिमा सना शेख के साथ अहम भूमिका में नजर आएंगे ।
















